मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा से खफा, वरुण जाएंगे सपा! ... पीलीभीत से अकेले भी ल़ड़...

भाजपा से खफा, वरुण जाएंगे सपा! … पीलीभीत से अकेले भी ल़ड़ सकते हैं चुनाव

सामना संवाददाता / पीलीभीत
लोकसभा चुनाव २०२४ की तारीखों का एलान हो चुका है। चुनावों की तारीखों के बाद अब सभी का ध्यान विभिन्न पार्टियों के उम्मीदवारों की सूची पर केंद्रित हो गया है। उम्मीदवार भी पार्टी से टिकट पाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी बीच भाजपा पार्टी के एक बड़े नेता का चुनावी पत्ता साफ कटता नजर आ रहा है। दरअसल, भाजपा नेता वरुण गांधी उत्तर प्रदेश की पीलीभीत सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और तीन बार सांसद रह चुके हैं। सूत्रों ने जानकारी दी है कि अगर इस साल उन्हें चुनाव लड़ने के लिए भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
गौरतलब है कि वरुण गांधी पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार होंगे या नहीं, ये अब तक साफ नहीं है। भाजपा ने पीलीभीत से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस बीच, जानकारी सामने आई है कि सांसद वरुण गांधी ने पीलीभीत से चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। वरुण गांधी के करीबी लोगों ने बुधवार को पीलीभीत में नामांकन का पर्चा खरीदा। राजनीतिक गलियारे में चर्चा यह भी है कि वरुण गांधी सपा के टिकट पर लड़ सकते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव से इसपर सवाल भी किया गया। इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वह वरुण गांधी के संपर्क में नहीं हैं। उधर, दिल्ली में सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि अगर भाजपा ने वरुण का टिकट काटा तो हम विचार कर सकते हैं।

अन्य समाचार