मुख्यपृष्ठनए समाचारबढ़ेगी गर्मी की तपिश!... अक्टूबर में औसत से अधिक रहेगा तापमान

बढ़ेगी गर्मी की तपिश!… अक्टूबर में औसत से अधिक रहेगा तापमान

-मौसम विभाग का अनुमान

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई समेत महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में सितंबर के अंत में हुई जोरदार बारिश ने आम लोगों के साथ ही किसानों को भले ही कुछ हद तक राहत दिलाई है लेकिन अक्टूबर महीना सभी के लिए मुश्किलों भरा रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस महीने तापमान औसत से अधिक रहेगा। जिसके परिणामस्वरूप मौसम में गर्मी की तपिश बढ़ सकती है। इससे लोगों को उमस के साथ और गर्मी सहन करनी प़ड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि अमूमन सात जून तक पूरे महाराष्ट्र में मानसून आ जाता है लेकिन इस बार प्रदेश में २५ जून के बाद बारिश शुरू हुई। जून महीने के आखिरी दिनों से लेकर जुलाई में जमकर बारिश हुई। इसके बाद अगस्त महीने में मुंबई समेत महाराष्ट्र में मानसून की बेरुखी देखने को मिली और पूरे महीने बारिश नदारद रही। इससे किसानों के खेतों में खड़ी कई फसलें सूख गई। इससे किसानों पर भारी संकट छा गया। हालांकि उन्हें कुछ हद तक राहत तब मिली जब सितंबर महीने में फिर से मानसून सक्रिय हुआ और मुंबई के साथ ही विभिन्न जिलों में कई दिनों तक जोरदार बारिश होती रही। फिलहाल, पश्चिम महाराष्ट्र में अभी भी बहुत कम बारिश हुई है। बताया गया है कि महाराष्ट्र में अब तक ९६ फीसदी बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश से न केवल कुछ फसलें बच गईं, बल्कि मुंबई समेत राज्य के विभिन्न शहरों को पानी पिलाने वाले जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ गया, जिससे पेयजल संकट काफी हद तक दूर हो गया। हालांकि, अब जबकि मानसून वापसी पर है तो अक्टूबर महीने में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।
बरतें सावधानी
मौसम विभाग का कहना है कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में महाराष्ट्र में अच्छी बारिश का अनुमान है। हालांकि इसके बाद हीटवेव का सामना लोगों को करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि अक्टूबर में महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान भी औसत से ऊपर रहेगा। ऐसे में गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

अन्य समाचार