सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय संस्कृति की पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान है। मगर जिन्हें इसकी रक्षा करनी है, अगर वही अश्लीलता परोसते हुए इसे ‘सावली’ यानी अंधेरे में धकेलने का प्रयास करेंगे तो फिर इस राज्य और देश का ऊपरवाला ही मालिक है। सरकार के गृह राज्यमंत्री का काम कानून व्यवस्था की रक्षा करना है। पर यदि उनके ही ‘सावली’ नामक बार में ऑर्केस्ट्रा के नाम पर बार बालाओं के छमछम होने लगेंगे तो फिर कानून व्यवस्था का क्या होगा, यह सवाल लोग पूछ रहे हैं।
हाल ही में गृह राज्यमंत्री के अश्लील बार वाले व्यवसाय का मामला उजागर हुआ है। राज्य में अवैध डांस बार पर कार्रवाई करने का आदेश देने वाले गृह राज्य मंत्री के खुद का डांस बार है।
‘यह सरकार ही धूर्त है’
गृह राज्यमंत्री के बार में बारबालाओं के छमछम होने की घटना को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है। इस मामले में मुंबईकर सुरेश गायकवाड ने कहा कि यह सरकार ही धूर्त है। जब गृहराज्य मंत्री ही ऐसा काम कर रहे हैं तो इनसे डांसबार पाबंदी को लेकर क्या अपेक्षा करें? लोगों का सीधा आरोप है कि महायुति सरकार में ९० प्रतिशत से ज्यादा मंत्री भ्रष्ट हैं। इन मंत्रियों के काले धंधे हैं।
हां, बार मेरी पत्नी का ही है!
गत महीने ३० मई की रात पुलिस ने मुंबई कांदिवली क्षेत्र में ‘सावली’ बार पर छापा मारा था। इस छापेमारी में पुलिस ने २२ बार बालाओं, २५ ग्राहकों, वेटर, वैâशियर और मैनेजर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद चर्चा होने लगी कि इस बार का लाइसेंस गृहराज्य मंत्री योगेश कदम की मां के नाम पर है। इसके बाद पूर्व मंत्री और शिंदे गुट के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने स्वीकार करते हुए कहा, ‘हां, बार मेरी पत्नी ज्योति कदम के नाम पर है, लेकिन उसे कोई और चला रहा था। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार, बार चलाने वाले पर ही कार्रवाई होती है।
बता दें कि उक्त बार पर छापेमारी रात १०.५० से सुबह ४ बजे तक चली, जिसमें अश्लील नृत्य करते हुए कई बालाओं को पकड़ा गया। छापे के बाद समता नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। फिलहाल ३१ मई से ‘सावली’ बार बंद है। जब इस बार के लाइसेंस को लेकर नाम सामने आया तब राज्य की राजनीति में हलचल मच गई। इस बार का लाइसेंस राज्य के गृहराज्य मंत्री योगेश कदम की मां के नाम पर है। इसके बाद योगेश कदम पर सवाल उठने लगे। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) विधायक एड. अनिल परब ने विधान परिषद में यह मुद्दा उठाते हुए कहा था कि राज्य में माताओं बहनों की लाज बचाने की जिन पर जिम्मेदारी है, वही लोग डांस बार में माताओं बहनों की इज्जत नीलम कर रहे हैं।
मैनेजर ने भी स्वीकारा
इस बार के मैनेजर ने इस बात को स्वीकार करते हुए कहा कि बार पर पुलिस ने अश्लील नृत्य के कारण कार्रवाई की थी। पुलिस ने छापा मारा और लड़कियों को हिरासत में लिया। गृहराज्य मंत्री का यह डांस बार अवैध है। फिलहाल, इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। सावली बार का लाइसेंस ज्योति रामदास कदम के नाम पर है।
