मुख्यपृष्ठनए समाचारसावन के सोमवार को भी नहीं रुकी गोलियों की तड़तड़ाहट! ... हाई...

सावन के सोमवार को भी नहीं रुकी गोलियों की तड़तड़ाहट! … हाई अलर्ट के बावजूद पट्टी कोतवाली के पास दबंगों ने दो सगे भाइयों को गोली मारी

पूर्व मंत्री के करीबी पर आरोप

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

जब सावन के दूसरे सोमवार को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर थी तब दबंगों ने प्रतापगढ़ में पट्टी कोतवाली के ठीक बगल गोलियां तड़तड़ा कर पुलिस के दावों की हवा निकाल दिया। बताते हैं कि रजिस्ट्री कार्यालय में जमीन का बैनामा कराने पहुंचे एक व्यक्ति को अगवाकर खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों पर गोलियां चलाने लगे। इससे दो सगे भाई गोली लगने से घायल हो गए। गोली लगने से भाई मौके पर गिर गया। दूसरा बहते खून के साथ ही 100 मीटर भागकर दुकान के बाहर गिर गया। इसी दौरान हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना पर सीओ कोतवाली, चार थानों की फोर्स के साथ ही एएसपी पूर्वी और एसपी भी पहुंच गए। गोली चलाने का आरोप पूर्व मंत्री के करीबी ब्लॉक प्रमुख और उनके साथियों पर लगा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पट्टी से चांदा मार्ग पर सात किलोमीटर दूर नारंगपुर बाजार से औराइन की ओर जाने वाली सड़क पर डेढ़ विस्वा जमीन का सोमवार को बैनामा कराने के लिए गांव के ही रहने वाले जगन्नाथ विश्वकर्मा कार से पहुंचे थे। उनके साथ जमीन को खरीदने के लिए आसपुर देससरा के अकारीपुर निवासी बृजेश तिवारी, अपने रिश्तेदार सुल्तानपुर चांदा वैरीखुर्द निवासी नरेंद्र मिश्र और आदित्य मिश्र के साथ पहुंचे थे।

जमीन खरीदारों के पहुंचते ही पहले से एक कार में मौजूद कुछ लोगों ने जमीन को बेचने पहुंचे जगन्नाथ को अगवाकर अपनी कार में बैठा लिया। कुछ लोग रोकने के लिए आगे बढ़े तो कार सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। यह देख लोग आसपास के लोग जान बचाकर भागे। गोली अरुण के कमर के नीचे गोली लगी और वह गिर गया। प्रेम शंकर के पैर में गोली लगी और खून बहने के बावजूद वह 100 मीटर तक भागा इसके बाद जमीन पर गिर गया। अफरातफरी के बीच गोली मारने वाले आराम से भाग निकले। फायरिंग की घटना से रजिस्ट्री कार्यालय सहित पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पट्टी कोतवाली पुलिस के साथ सीओ मनोज रघुवंशी भी पहुंचे और घायलों को सीएचसी ले जाया गया। आसपुर देवसरा, कंधई और फतनपुर थाने की भी फोर्स बुला ली गई। एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल, एसपी डॉ. अनिल कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

आरोप है कि गोलीबारी ब्लॉक प्रमुख और उनके साथ पहुंचे लोगों ने की। बृजेश तिवारी के अनुसार जमीन को लेकर उनसे रंगदारी मांगी जा रही थी। इसे लेकर पुलिस में भी शिकायत की गई थी। पुलिस ने पूरे मामले को हल्के में लिया। पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होने से आज दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे दिया गया है।”

अन्य समाचार