सामना संवाददाता / नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी में वैसे तो खुलकर अदावत सामने नहीं आती है, लेकिन संसद का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जो कि सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की चर्चा हो रही है। जब पीएम मोदी संसद में अपना भाषण समाप्त कर बाहर निकल रहे थे तो बीजेपी के सभी सांसद खुशामद में आगे झुकने लगे और इसी बीच नितिन गडकरी अपनी कुर्सी से नहीं उठे और न ही कोई औपचारिकता निभाई। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि समय-समय पर गडकरी सरकार की आलोचना करने से नहीं चूकते हैं। कुछ दिनों पहले ही नितिन गडकरी ने कह दिया कि सत्ता बड़ी निकम्मी होती है और ये याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा नहीं रहती है। सत्ता, संपत्ति और सौंदर्य एक दिन खत्म होने वाली चीज है। गडकरी के इस रवैए से उनके अंदर की नाराजगी साफ झलक रही है। बता दें कि संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने ये तय कर दिया कि भारत में आतंकी हमलों की कीमत अब सिर्फ आम लोग नहीं चुकाएंगे, बल्कि उसके पीछे बैठे आकाओं और पाकिस्तान को भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने गर्व से कहा कि सिंदूर से लेकर सिंधु तक हमने पाकिस्तान पर कार्रवाई की है।
