सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
बेसिक शिक्षकों के संगठन अटेवा ने एक बार फिर पुरजोर तरीके से पुरानी पेंशन योजना बहाली व स्कूल मर्जर के सरकारी फैसले का पुरजोर विरोध किया है। सभा, प्रदर्शन व मार्च करके डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कलेक्ट्रेट के समक्ष तिकोनिया पार्क में सर्वप्रथम अटेवा के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह गौरा की अगुवाई में सभा हुई जिसमें अन्य विभिन्न शैक्षिक संगठनों के पदाधिकारी राजेंद्र पांडेय, दिनेश उपाध्याय, कृष्ण कुमार सिंह, रणधीर सिंह, देवेंद्र तिवारी,फार्मासिस्ट संघ के लक्ष्मण, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अशोक सिंह, वैभव सिंह आदि ने भी अपनी बात रखी।
सभी ने एक स्वर में ओपीएस न लागू करने को लेकर रोष जताया व विद्यालय युग्मन के साथ समायोजन का पुरजोर विरोध किया। कहा कि सरकार को अपना आदेश ही वापस लेने पर शिक्षक कर्मचारी मजबूर कर देगा।सभा का संचालन अटेवा जिलाध्यक्ष अशोक सिंह गौरा ने किया। इसके बाद सभी शिक्षकों व कर्मचारियों ने आक्रोश मार्च निकाला। जो कि तिकोनिया पार्क डाकखाना चौराहा, जीएन रोड जिला अस्पताल चौराहा, रोडवेज, आजाद पार्क होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। जहां प्रदर्शकारियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर अपनी मांगों के समर्थन में शीघ्र फैसले लेने की मांग यूपी सरकार से की।
