मुख्यपृष्ठनए समाचाररत्तीभर सैलरी, ३० करोड़ रुपए की संपत्ति!

रत्तीभर सैलरी, ३० करोड़ रुपए की संपत्ति!

-प्रतिमाह १५ हजार कमाने वाले के पास मिला करोड़ों का खजाना

-कर्नाटक से सामने आई भ्रष्टाचार की चौंका देनेवाली कहानी

कर्नाटक के कोप्पल जिले में भ्रष्टाचार की एक चौंका देनेवाली कहानी सामने आई है, जिसने सबको हैरानी में डाल दिया। कर्नाटक ग्रामीण अवसंरचना विकास लिमिटेड के एक पूर्व क्लर्क, कलाकप्पा निदागुंडी, जो कभी एक मामूली दिहाड़ी मजदूर के रूप में कार्यरत थे और जिनकी मासिक सैलरी मात्र १५ हजार रुपए थी, उनके पास से ३० करोड़ रुपए से भी ज्यादा की संपत्ति बरामद हुई है।
यह हैरान कर देने वाला खुलासा लोकायुक्त अधिकारियों द्वारा की गई एक खास छापेमारी के दौरान हुआ, जो अदालत से प्राप्त आदेश के बाद की गई थी। जांच के बाद पता चला कि निदागुंडी के पास वह सब कुछ था, जिसकी कल्पना एक मध्यमवर्गीय व्यक्ति भी शायद ही कर सके। सबसे ज्यादा हैरान कर देनेवाली बात, तो यह है कि जहां कमरतोड़ महंगाई में १५ हजार रुपए में किसी का गुजारा करना भी मुश्किल है। वहीं इस पूर्व क्लर्क की रत्तीभर सैलरी में करोड़ों की संपत्ति ने सबको चौंका दिया।
२४ आलीशन मकान,४ प्लॉट, २ कार
जांच में जो सामने आया है वो कुछ इस तरह है, २४ आलीशान मकान, ४ कीमती प्लॉट, ४० एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि, ३५० ग्राम सोना और १.५ किलोग्राम चांदी के गहने, २ कारें और २ दोपहिया वाहन और कई बैंक खातों और दस्तावेजों में करोड़ों की संपत्ति के प्रमाण। हैरानी की बात यह है कि ये संपत्तियां केवल निदागुंडी के नाम ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी और भाई के नाम पर भी रजिस्टर्ड हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि यह पूरा एक सुनियोजित और संगठित घोटाला हो सकता है।

अन्य समाचार