मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिपुरुषोत्तमदास एच. पुरोहित पर डाक टिकट जारी

पुरुषोत्तमदास एच. पुरोहित पर डाक टिकट जारी

सामना संवाददाता / मुंबई

राजस्थान के राज्यपाल महामहिम हरिभाऊ बागड़े ने मूलतः: राजस्थान के लेकिन महाराष्ट्र की धरती पर व्यवसाय के अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी छाप छोड़नेवाले श्री पुरुषोत्तमदास पुरोहित के नाम से जारी डाक टिकट का आज मुंबई में विमोचन किया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, राज्यसभा सदस्य डॉ. भागवत कराड और पोस्ट मास्टर जनरल (नवी मुंबई) सुचिता जोशी भी शरीक हुईं। इसी समारोह में पुरुषोत्तमदास पुरोहित पर लिखी जाने वाली पुस्तक “आदर्श मानव: पुरुषोत्तमदास पुरोहित” के आवरण चित्र का भी विमोचन किया गया।

भारत के राष्ट्र निर्माण में राजस्थान के लोगों के सबसे बड़े योगदान को रेखांकित करते हुए महामहिम ने कहा कि पुरुषोत्तमदास पुरोहित एक ऐसे कर्मयोगी थे जिसने मुंबई में व्यवसाय में सफलता के पैमाने को हर स्वरूप में समाज के सर्वांगीण विकास के साथ जोड़ा और स्वतंत्रता संग्राम का एक अदद सिपाही होने बावजूद अपनी भूमिका का प्रचार और प्रसार करने से बचते रहे। वे सफल व्यवसायी होने के साथ समाज के सच्चे जननायक भी थे और भारत सरकार ने आज डाक टिकट निकालकर उनके योगदान को अमर कर दिया।

नार्वेकर ने दक्षिण मुम्बई के इस युगपुरुष की जीवनी को ध्रुव तारे के संज्ञा देते हुए कहा कि समाज ऐसे ही लोगों की वजह से बनता है। इनकी मिसाल जमाना सदियों तक देता रहेगा। पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित और वरिष्ठ काँग्रेस नेता ने सभा को संबोधित कर पुरुषोत्तमदास के गुणों के बारे में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

उनके पुत्रों विनोद और जगदीश पुरोहित ने अपने पिता के समाज के प्रति सेवा की लगन और जुनून को याद करते हुए विश्वास दिलाया कि वे उनके काम की मशाल को बहुत आगे ले जाएंगे। पुत्र घनश्याम ने इस सम्मान के लिए भारतीय डाकतार विभाग को विशेष धन्यवाद दिया। उनकी पोती हीना पुरोहित और आर जे राजेश पुरोहित ने मंचका संचालन किया और पड-पोते देव सनम पुरोहित ने भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश व पितृ वंदना पं. महेश पैठणे द्वारा प्रस्तुत कि गई।

कार्यक्रम मे मारवाड़ के प्रमुख भामाशाह नरेश पुरोहित खींदारा गांव, दिलीप राजपुरोहित, हिम्मत सिंह चाचौड़ी, डॉक्टर शोभा पुरोहित, राधा पुरोहित, अजय राज पोसींत्रा, बाबूसिंह राजगुरु, लाभशंकर लादूनगर, जगदीशसिंह घेनड़ी, सुरेश शिवतलाव, प्रकाशसिंह बारवा, नितेश सिंह ढोला, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य समाचार