सामना संवाददाता / मुंबई
कब तक याद करूँ मैं, भुला ना सकोगे, शुक्रिया-शुक्रिया, हर कसम तोड़ दी आज, मेरी बर्बादी का जश्न आदि सैकड़ों कर्णप्रिय गीत गाने वाले तथा समाजसेवी अगम कुमार निगम को सर्वश्रेष्ठ गायकी के लिए अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इससे अगम कुमार निगम के चाहने वालों में खुशी की लहर फैल गई है। इसी प्रकार सैकड़ों गीतों को अपनी धुन से सजाने वाले प्रतिभाशाली संगीतकार रफीक राजा को भी सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के लिए सम्मानित किया गया।
बता दें कि ग्लोबल लीडर समिट द्वारा अवार्ड से इन दोनों को सम्मानित किया गया। गोरेगांव वेस्ट स्थित रेडीसन हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में ग्लोबल ट्रायम्फ फाउंडेशन द्वारा अगम कुमार निगम व रफीक राजा को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार व फ़िल्मी गीतकार मुकेश कुमार मासूम ने अगम कुमार निगम व रफीक राजा को सम्मानित करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त की है। गौरतलब हो कि इस कार्यक्रम में देश भर से विभिन्न क्षेत्रों के 200 से अधिक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे ।
