रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
मुंबई के मालाड (पूर्व) स्थित शिवसेना शाखा क्रमांक 44 में आयोजित सेवा शिविर में एक अनोखा क्षण तब सामने आया जब मुंबई आयकर विभाग के पूर्व आयुक्त जितेंद्र कुमार पटनायक स्वयं शिवसेना कार्यालय पहुंचे और आयुष्मान भारत कार्ड व आभा कार्ड बनवाने के लिए आवेदन फार्म जमा किया।
पटनायक वही अधिकारी हैं जिनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘रेड’ बनी थी, जिसमें अभिनेता अजय देवगन ने उनका किरदार निभाया था। पटनायक ने कहा कि वे शिवसेना के 80 प्रतिशत सेवा और 20 प्रतिशत राजनीति के सिद्धांत से बेहद प्रभावित हैं और इसी प्रेरणा से वे शिवसेना शाखा में सेवा शिविर का लाभ लेने पहुंचे।
इस सेवा शिविर का आयोजन शिवसेना नेता एवं विधायक सुनील प्रभु के सहयोग से और विभाग प्रमुख संतोष राणे के मार्गदर्शन में किया गया था। अश्विन मलिक मेश्राम फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस शिविर में नागरिकों के लिए आधार अपडेट, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड, ई-श्रम कार्ड, वरिष्ठ नागरिक कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया और लाभ उठाया। शिविर को सफल बनाने में शाखा प्रमुख सुभाष धानुका, व्यापारी संगठन के हाजी शराफ़त मालिम, महिला शाखा संगठक तारा निवंगुणे, कार्यालय प्रमुख राजूनाथ गायके, उप शाखा प्रमुख मनोज अलुलकर, महिला उप शाखा संगठक रमा म्हैसकर तथा उनकी पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस सेवा शिविर के माध्यम से शिवसेना ने एक बार फिर यह साबित किया कि वह केवल राजनीति नहीं, बल्कि जनता की सेवा में भी अग्रणी है।
