मुख्यपृष्ठअपराधसार्वजनिक शौचालय में शैतानी!..नाबालिग ने महीनों तक किया दो मासूमों से यौनाचार

सार्वजनिक शौचालय में शैतानी!..नाबालिग ने महीनों तक किया दो मासूमों से यौनाचार

सुरेश गोलानी / मुंबई

मीरा-भायंदर के काशीमीरा से मानवता को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। पुलिस ने शुक्रवार रात एक १७ वर्षीय नाबालिग को दो मासूम बालकों (९ और १० वर्ष) के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक यौनाचार करने के आरोप में हिरासत में लिया है। घटना काशीमीरा स्थित एक घनी आबादी वाली बस्ती की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी कथित रूप से दोनों मासूमों को चॉकलेट का लालच देकर उनके साथ सार्वजनिक शौचालय में पिछले दो महीनों से कई बार इस शर्मनाक और घिनौनी हरकत को अंजाम दे चुका है। मामला तब सामने आया, जब एक पीड़ित बच्चे ने उसके साथ लगातार हो रहे यौनाचार के बारे में अपने परिवार वालों को बताया, जिसके बाद काशीमीरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई।
मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस खबर लिखे जाने तक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, चूंकि आरोपी खुद नाबालिग है, उसे किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम २००० (२००६ में संशोधित) के प्रावधानों के तहत किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष पेश किया जाएगा। किशोर न्याय बोर्ड एक न्यायिक निकाय है, जो १८ वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा किए गए अपराधों से संबंधित मामलों की सुनवाई करता है।
सुरक्षा सवालों के घेरे में
आमतौर पर आरोपी नाबालिग बच्चों को बाल सुधार गृह भेज दिया जाता है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। पुलिस अब ये पता लगाने मे जुटी है कि आरोपी ने इलाके में रहने वाले और भी बच्चों को अपना शिकार तो नहीं बनाया। इस घटना ने सार्वजनिक शौचालयों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है।

अन्य समाचार