मुख्यपृष्ठनए समाचारदेश का `भविष्य' सड़कों पर!..एसएससी को लेकर युवाओं में नाराजगी

देश का `भविष्य’ सड़कों पर!..एसएससी को लेकर युवाओं में नाराजगी

– दिल्ली की सड़कों पर उतरे हजारों छात्र

राजधानी दिल्ली का जंतर मंतर एक बार फिर आंदोलन की गूंज से भर गया। कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ देशभर से आए हजारों छात्र और शिक्षक सड़कों पर उतर आए। `दिल्ली चलो’ के नारे के साथ शुरू हुआ यह प्रदर्शन देखते ही देखते काफी बड़ा हो गया। पुलिस की कार्रवाई और शिक्षकों की हिरासत ने इसे और गरमा दिया है। इस प्रदर्शन में कई जाने-माने टीचर्स भी शामिल थे।
बता दें कि कर्मचारी चयन आयोग यानी एसएससी की सिलेक्शन पोस्ट फेज १३ हाल के दिनों में विवादों के केंद्र में रही हैं। छात्रों का आरोप है कि एसएससी की परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी, बार-बार परीक्षाओं के रद्द होने और तकनीकी खामियों ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। परीक्षा के बाद से ही छात्र लगातार इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। कुछ परीक्षा केंद्रों पर छात्राओं को देर रात तक रोके रखने के मामले सामने आए, जिसे छात्रों ने उनकी गरिमा और सुरक्षा का उल्लंघन बताया। इन मुद्दों ने छात्रों को एकजुट होने और दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर किया। उनकी मांग है कि एसएससी की परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए।
केंद्र सरकार पर केजरी` वार’!
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने जंतरमंतर पर प्रदर्शन कर रहे एसएससी के छात्रों के मामले पर एक्स पर पोस्ट किया है। केजरीवाल ने लिखा कि देश का युवा सड़क पर है क्योंकि वो अपने भविष्य के लिए सवाल पूछ रहा है।
`जिस देश में शिक्षार्थी भी सड़क पर आंदोलन करने पर मजबूर हों साथ ही शिक्षित और शिक्षक भी, उस देश की सरकार न केवल देश के वर्तमान को बल्कि भविष्य को भी बर्बाद करने की दोषी होती है।’

अन्य समाचार