मुख्यपृष्ठनए समाचारलाडली बहन योजना में आदमी कैसे घुसे!..शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का महायुति पर...

लाडली बहन योजना में आदमी कैसे घुसे!..शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का महायुति पर जोरदार हमला

-कहा भ्रष्ट सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन करेगी शिवसेना

-किसान क्रांति संगठन का शिवसेना में हुआ विलय

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में धोखा कर महायुति सरकार भारी बहुमत से सत्ता में आई, लेकिन अब इसका मुखौटा उतर चुका है। न तो किसानों की कर्जमाफी की गई, न ही लाडली बहन योजना के वादे निभाए गए और अब तो लाडली बहनों में ‘बाप’ भी घुस आए हैं। इन्हें घुसाया किसने? और यह पैसा गया किसके पास? ऐसे तीखे सवाल कल शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने उठाए।
उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचारियों को इस सरकार ने शरण दी है। विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में विपक्ष ने मंत्रियों के भ्रष्टाचार के सबूत दिए हैं, लेकिन बेबस और लाचार मुख्यमंत्री ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जल्द ही राज्य में मंत्रियों के भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
कल बुलढाणा के किसान क्रांति संगठन का शिवसेना में विलय हुआ। इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं का उद्धव ठाकरे ने ‘शिवबंधन’ बांधकर शिवसेना में स्वागत किया।
गद्दार बिक सकते हैं, लेकिन निष्ठावान नहीं!

भाऊसाहेब बिलेवार के नेतृत्ववाले इस किसान संगठन के राज्य व जिला स्तर के पदाधिकारियों ने शिवसेना की सदस्यता ली। इस कार्यक्रम में शिवसेना नेता और सांसद अरविंद सावंत, विधायक संजय दरेकर, प्रवक्ता जयश्री शेलके, जिलाप्रमुख जालिंदर बुधावत और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि गद्दार बिक सकते हैं, लेकिन निष्ठावान नहीं। मेरे साथ वे सभी पुराने और सच्चे शिवसैनिक हैं, जो बालासाहेब ठाकरे के समय से पार्टी में हैं। कुछ लोग जिन्हें हमने बड़ा किया, वे चले गए, लेकिन जिन्होंने उन्हें बड़ा बनाया वे आज भी मेरे साथ खड़े हैं।
इस दौरान विपक्ष की भूमिका का जिक्र करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि विधानमंडल के मानसून सत्र में विपक्ष प्रभावी रहा और अब संसद के मानसून सत्र में भी विपक्ष ने सरकार को घेरा, क्योंकि मुद्दे बहुत गंभीर हैं। सीएम नैतिकता की बात करते हैं, अब वो नैतिकता गई कहां? ऐसा सवाल भी उन्होंने पूछा। विवादास्पद मंत्रियों के इस्तीफे की मांग पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि इस्तीफा लेने के बजाय उन्हें सिर्फ चेताया गया। धुले के गेस्ट हाउस में पकड़ी गई नकदी की जांच ठंडी पड़ गई। बैग लेकर बैठे मंत्रियों की जांच नहीं हुई।
इतना बेबस मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा
उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैंने अब तक इतना बेबस मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा, जहां कोई किसी से सवाल भी नहीं कर सकता। यह हालत है। मंत्री कोकाटे पर तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति रमी खेलता है, वह खेल मंत्री बना दिया गया है। उसे रमी खेल के ओलिंपिक में भेजा जाएगा। यह भ्रष्टाचार का असली और विकृत चेहरा है, जो अब खुल चुका है और अब हमें इनका पर्दाफाश करना होगा, इनके खिलाफ आंदोलन छेड़ने का समय आ चुका है।
उद्धव ठाकरे ने किसान कार्यकर्ताओं के समक्ष सरकार की कार्यशैली की खुलकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से झूठे वादे किए, मंत्रियों में भ्रष्टाचार व्याप्त है, अधिवेशन में किए गए वादों को नजरअंदाज किया गया और शिवसेना के साथ विश्वासघात किया गया।
-ससून डॉक को बचाने के लिए कोली समाज के साथ शिवसेना मजबूती से खड़ी है!
-उद्धव ठाकरे का आश्वासन

शिवसेना कोली भाइयों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। जो कोली समाज के लोग पीढ़ियों से ससून डॉक में व्यापार कर रहे हैं, अगर उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की गई तो शिवसेना इस अन्याय के खिलाफ पूरी तरह मैदान में उतरेगी। ऐसा तीखा बयान शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल दिया। उद्धव ठाकरे ने आज ‘शिवालय’ में कोली समाज के लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे, शिवसेना नेता-सांसद अरविंद सावंत, विधायक सचिन अहिर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। ससून डॉक में मछली व्यवसाय संकट में फंसा हुआ है। वहां के गोदामों में कई पीढ़ियों से मछली का व्यापार कर रहे व्यापारी वर्षों से महाराष्ट्र मत्स्य व्यवसाय विकास महामंडल को किराया देते आ रहे हैं, लेकिन अब मुंबई पोर्ट ट्रस्ट ने यह दावा किया है कि उन्हें किराया नहीं मिला और इस आधार पर मछली व्यापारियों को बाहर निकालने के लिए नोटिस भेजी गई हैं।

अन्य समाचार