अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
ठाणे जिले के समीप स्थित ऐतिहासिक अंबरनाथ शिव मंदिर परिसर में इस वर्ष पहली बार सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह विशेष रुद्राभिषेक 11 अगस्त 2025 से 21 अगस्त 2025 तक आयोजित होगा। पूजन उपरांत इन पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक शुद्ध जल से पास की नदी में किया जाएगा।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर प्रयागराज से पधारे संत स्वामी ब्रिजेशानंदजी महाराज ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के कल्याण जिला प्रमुख धनंजय बोडारे से संतोष नगर स्थित शिवसेना शाखा में भेंट की। स्वामी जी ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शिवसेना पक्ष प्रमुख एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री श्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे को आमंत्रित किए जाने की इच्छा भी प्रकट की।
स्वामी ब्रिजेशानंदजी ने कहा कि जैसे जगतगुरु शंकराचार्य ने सनातन धर्म की पुनः स्थापना की थी, उसी तरह हिंदुत्व की भावना को जनमानस तक पहुँचाने का कार्य हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख श्री बाला साहेब ठाकरे ने किया। उन्होंने यह भी कहा कि बाला साहेब के सुपुत्र उद्धव ठाकरे हिंदुत्व की इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, अतः उनका इस आयोजन में स्वागत होना चाहिए।
इस अवसर पर कल्याण जिला प्रमुख धनंजय बोडारे ने स्वामीजी से आशीर्वाद प्राप्त किया और आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से उद्धवजी को निमंत्रण देकर इस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
यह धार्मिक आयोजन ऐतिहासिक महत्व का होगा जिसमें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा। हजारों शिवभक्त इस निर्माण और पूजन में भाग लेंगे। आयोजन स्थल पर सभी भक्तों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक अनुभव होगा, बल्कि हिंदू संस्कृति और परंपरा की समृद्ध विरासत को भी सशक्त करेगा।
