मुख्यपृष्ठनए समाचारजश्ने ईद मिलादुन्नबी पर रोशन हुआ शहर...निकलते रहे जुलूस

जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर रोशन हुआ शहर…निकलते रहे जुलूस

राजेश सरकार / प्रयागराज

पैगम्बर-ए-आखिरत हजरत मोहम्मद साहब के ईद मिलादुन्नबी के मौके पर प्रयागराज शहर पूरी तरह रोशनियों से जगमगाता रहा। मुस्लिम बहुल्य क्षेत्रों में रौनक देखते ही बन रही थी। मोहल्लों को इस्लामी झंडों, रंग-बिरंगी झालरों और लाइटों से सजाया गया। छोटे-बड़े, बच्चे और बुजुर्ग सभी नए कपड़े पहनकर खुशियों में शरीक हुए। दुनिया की हर फिजा में उजाला रसूल का, यह सारी कायनात है सदका रसूल का, खुशबू गुलाब का है पसीना रसूल का, आपको मुबारक हो महीना रसूल का। इन पंक्तियों के साथ शहर के पुराने अटाला, सब्जीमंडी, नूरूल्लाह रोड, पत्थरगली, शाहगंज, करेली, अकबरपुर, बक्शीबाजार, रानीमंडी, दरियाबाद, रसूलपुर, बहादुरगंज और मोहत्सिमगंज से निकले जुलूसों ने पूरे शहर का माहौल रोशन कर दिया। ये जुलूस चौक, कोतवाली, सब्जीमंडी, नखासकोना होते हुए दाराशाह अजमल पर रुके। जगह-जगह अंजुमनों ने स्टाल लगाकर जुलूस का स्वागत और सम्मान किया।
पूरे शहर की मस्जिदों को दुल्हन की तरह सजाया गया। खासकर चौक जामा मस्जिद की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। रात भर नबी की शान में नात-ए-पाक और सलातो-सलाम पेश किए जाते रहे।
जुलूसे मोहम्मदी को मिला ईनाम
दरियाबाद जोगी घाट का जुलूसे मोहम्मदी शमशुल इस्लाम की अगुवाई में शुरू हुआ। जुलूस पीपल चौराहा होते हुए अतरसुइया और कोतवाली पहुंचा। जुलूस को कारीगरों ने बहुत ही खूबसूरती से सजाया था, जिसमें महीन नक्काशी देखते ही बन रही थी। राहगीरों और लोगों ने इसकी खूब तारीफ की। कई स्थानों पर जुलूसों को ईनाम भी मिले। कुरेश नगर में मोहिब्बाने औलिया कमेटी की तरफ से लंगर हुआ। बच्चों ने मिलाद की खुशियां मनाईं। शुक्रवार को जुम्मा की नमाज के बाद दरियाबाद कुरेशनगर से जुलूस निकाला गया। जुलूस में बच्चे, नौजवान और बुजुर्ग बड़ी तादाद में शामिल हुए। हाथों में हरे झंडे थामे और “लब्बैक या रसूल अल्लाह” के नारे बुलंद करते हुए लोग पैगम्बर ए आखिरत हजरत मोहम्मद साहब की आमद की खुशी में आगे बढ़ते रहे। खास बात यह रही कि जगह-जगह स्टेज सजाकर नबी की आमद की खुशी में रोशनी की गई और महफिल ए मिलाद की रौनक देर रात तक कायम रही।

अन्य समाचार