जेदवी /मुंबई
-वाहन चालकों से खुलेआम लूट
-पांच पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिस आयुक्तालय के नजदीक ही अवैध पार्किंग वसूली का खेल धड़ल्ले से चलता रहा और संबंधित विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगी। क्रॉफर्ड मार्केट क्षेत्र में वाहन चालकों से मनमाने तरीके से पैसे वसूलने और रसीद न देने के मामले में आजाद मैदान पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक निगरानी और पार्किंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले मामले में मस्जिद बंदर निवासी एवं टैक्सी चालक मनीष सिंह (३३) ने शिकायत दर्ज कराई है। मनीष सिंह घरेलू सामान खरीदने के लिए क्रॉफर्ड मार्केट पहुंचे थे। उन्होंने डी.एन. रोड स्थित जे.जे. फ्लाईओवर के पास अपनी गाड़ी पार्क की थी। खरीदारी के बाद लौटने पर वहां मौजूद लोगों ने उनसे ३०० रुपए पार्किंग शुल्क की मांग की। पैसे देने के बावजूद जब उन्होंने रसीद मांगी तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, पार्किंग संचालन की वैध अनुमति के संबंध में पूछे गए सवालों का भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने शेख और खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरे मामले में चिराबाजार निवासी टैक्सी चालक संतोष कुमार सिंह (४९) ने शिकायत दर्ज कराई। संतोष सिंह यात्री लेने के लिए क्रॉफर्ड मार्केट क्षेत्र पहुंचे थे। पीके वाइन्स के सामने वाहन खड़ा करने पर कुछ लोगों ने उनसे १०० रुपए पार्विंâग शुल्क की मांग की। जब उन्होंने रसीद मांगी तो आरोपियों ने कथित तौर पर कहा, ‘यह हमारा इलाका है।’ इस घटना के बाद संतोष सिंह ने यातायात पुलिस से शिकायत की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी केवल इन दो वाहन चालकों से ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों से भी इसी तरह अवैध रूप से पैसे वसूल रहे थे। इस मामले में कई लोगों के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि क्रॉफर्ड मार्केट क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आती रही हैं। निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूलने और नियमों की धज्जियां उड़ाने के आरोप लगते रहे हैं। इसके बावजूद अवैध वसूली का यह कारोबार लंबे समय तक कैसे चलता रहा, यह बड़ा सवाल है। अब पुलिस कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अवैध पार्किंग माफिया पर शिकंजा कसेगा, लेकिन सवाल यह भी है कि आखिर पुलिस मुख्यालय के आसपास ही चल रहे इस खेल से प्रशासन बेखबर क्यों रहा?
‘यह हमारा इलाका है’ कहकर होती थी वसूली
क्रॉफर्ड मार्केट क्षेत्र में अवैध पार्किंग वसूली का खेल लंबे समय से चल रहा था। वाहन चालकों से मनमाना शुल्क लेने के बावजूद रसीद नहीं दी जाती थी। शिकायतों के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए हैं, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
