मुख्यपृष्ठनए समाचारक्लासरूम में ‘दम मारो दम’!..ठाणे के स्कूल का वीडियो वायरल... छात्र के...

क्लासरूम में ‘दम मारो दम’!..ठाणे के स्कूल का वीडियो वायरल… छात्र के हाथ में संदिग्ध पदार्थ… हड़कंप के बाद पुलिस जांच शुरू

सामना संवाददाता / मुंबई

स्कूल की चारदीवारी के भीतर आखिर चल क्या रहा है? ठाणे के एक स्कूल से सामने आए कथित वीडियो ने अभिभावकों से लेकर स्कूल प्रशासन तक में हड़कंप मचा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक छात्र क्लासरूम के भीतर बेंच पर बैठा दिखाई दे रहा है और उसके हाथ में कोई संदिग्ध पदार्थ नजर आ रहा है। छात्र उस पदार्थ को खाते या सूंघते हुए दिखाई देता है। हालांकि, वह पदार्थ वास्तव में नशीला था या कोई अन्य चीज, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है। साथ ही ठाणे पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता, छात्र की पहचान और घटना की पूरी पृष्ठभूमि खंगाल रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो किसने बनाया और किस तरह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। फिलहाल पदार्थ की पहचान और वीडियो की वास्तविकता स्पष्ट नहीं है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
स्कूल में कैसे पहुंचा संदिग्ध पदार्थ ?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रहा पदार्थ नशीला साबित होता है तो वह स्कूल परिसर तक पहुंचा कैसे? उसे छात्र तक किसने पहुंचाया? क्या इसके पीछे कोई बाहरी व्यक्ति या नेटवर्क है? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्कूल में प्रतिबंधित पदार्थों की सप्लाई की किसी संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। वायरल वीडियो ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। उनका सवाल है कि अगर स्कूल के क्लासरूम में ऐसी गतिविधि हो रही है, तो बच्चों की सुरक्षा की निगरानी कितनी प्रभावी है?

अन्य समाचार