सामना संवाददाता / मुरादाबाद
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने क्षमावाणी पर उपवास खोलने के लिए निर्जल, एकासना और उपवास रखने वाले सभी श्रावक-श्राविकाओं को न्योता दिया, जिसमें नौ सौ से अधिक जैन छात्र-छात्राओं ने पारणा के दौरान स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इससे पूर्व टीएमयू के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन, फर्स्ट लेडी श्रीमती वीना जैन, जीवीसी श्री मनीष जैन, श्रीमती ऋचा जैन, एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर श्री अक्षत जैन, श्रीमती जहान्वी जैन ने कुलाधिपति आवास संवृद्धि में आयोजित पारणा में बारी-बारी से सभी श्रावक-श्राविकाओं का चंदन का टीका करके भक्तिभाव से स्वागत किया, साथ ही कुलाधिपति के सभी परिजनों ने अतिथियों को सेवा भाव से व्यंजन परोसे। अधिकांश श्रावक-श्राविकाओं ने आसन ग्रहण करके ही पारणा किया। पारणा में सम्मेद शिखर से आए प्रतिष्ठाचार्य श्री ऋषभ जैन शास्त्री की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। पारणा के दौरान खास बात यह रही, कुलाधिपति परिवार के माननीय सदस्य सभी आमंत्रित श्रावक-श्राविकाओं के पास जा-जाकर यह विनम्र भाव से पूछते नजर आए, आप क्या लेंगे…, आपने यह तो लिया ही नहीं…, आप यह तो लीजिए…। इस बेहद मधुरभाषी व्यवहार ने न केवल श्रावक-श्राविकाओं का दिल जीत लिया, बल्कि व्यंजनों का स्वाद भी दोगुना हो गया। दूसरी ओर पारणा से पूर्व आदिनाथ भगवान को रिद्धि-सिद्धि भवन से दिव्यघोष की आस्थामय धुनों के बीच प्रो. एसके जैन ने अपने मस्तक पर धारण करके श्रीजी की मूर्ति और आसन को जिनालय में विराजमान कराया गया। आगे-आगे हाथों में चमर लिए श्रावक चल रहे थे। जिनालय पर श्री मनीष जैन,श्रीमती ऋचा जैन और श्री मनोज जैन ने श्रीजी की आरती उतारी, जबकि प्रतिष्ठाचार्य श्री शास्त्री ने विधि विधान से मंत्रों का जाप किया। इस मौके पर प्रो. वी के जैन, डॉ. करुणा जैन, डॉ. विनीता जैन के संग-संग सैकड़ों श्रावक- श्राविकाओं की मौजूदगी रही। सम्मेद शिखर से आए प्रतिष्ठाचार्य श्री ऋषभ जैन ने जिनालय में विधि-विधान से आदिनाथ भगवान का अभिषेक औऱ शांतिधारा कराई।
उल्लेखनीय है कि पारणा में बादाम मिल्क, फलों में अनार, सेब, केला, अमरुद, अन्नानास, ड्राई फ्रूट्स में काजू, बादाम, किशमिश, मूंग की दाल के चीले, सूजी का हलवा, छोले भटूरे, उपमा, पकोड़े, मुरादाबादी दाल, पनीर चीला, छना हुआ पानी आदि लाजवाब और स्वादिष्ट व्यंजनों की भरमार रही। दशलक्षण महामहोत्सव के दौरान उपवास रखने वाले श्रावक-श्राविकाओं की विशेष रूप से पारणा कराई गई। इनमें धार्मिक, सर्वज्ञ, सौम्य, वैभव, शिरिष, चिराग, डॉ मुस्कान, स्वीकृति, पलछिन, दिया,सार्थक, प्रयास, आदि श्रावक-श्राविकाएं शामिल रहे। इस मौके पर वीसी प्रो. वीके जैन, प्रो. विपिन जैन, डॉ. करुणा जैन, श्री मनोज जैन, डॉ. नीलिमा जैन, प्रो. एसके जैन, डॉ. विनोद जैन, डॉ आशीष सिंघई,डॉ. नम्रता जैन, श्री आदित्य जैन, श्रीमती अहिंसा जैन, डॉ. अंकिता जैन, डॉ अक्षत, श्रीमती अंजलि सिंघई, श्री अंकित जैन आदि की मौजूदगी रही। इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं ने कुलाधिपति श्री सुरेश जैन और फर्स्ट लेडी श्रीमती वीना जैन के चरणस्पर्श करके उनका आशीर्वाद लिया।
