मुख्यपृष्ठनए समाचारविरार में इमारत की छत गिरने से 3 लोग घायल

विरार में इमारत की छत गिरने से 3 लोग घायल

राधेश्याम सिंह / विरार

वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र के डोंगरपाड़ा, विरार-पश्चिम स्थित गणेश को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। इस सोसायटी की एक पुरानी इमारत के फ्लैट की छत का स्लैब अचानक गिर जाने से तीन लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह इमारत 30 वर्ष से अधिक पुरानी है। अप्रैल माह में वसई-विरार महानगरपालिका ने इस इमारत को संरचनात्मक ऑडिट के लिए नोटिस भेजा था। ऑडिट रिपोर्ट में इमारत को सी2ए श्रेणी में रखा गया था, जिसका अर्थ है कि इमारत की मरम्मत अत्यावश्यक है। रहिवासियों और विकासक के बीच जारी आंतरिक विवादों के कारण मरम्मत ,कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया था। इसके चलते इमारत की स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही थी। हादसे की जानकारी मिलते ही महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत, सहायक आयुक्त मनोज वनमाळी और निलेश म्हात्रे, साथ ही अग्निशमन विभाग और अतिक्रमण विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पूरी इमारत को तात्कालिक रूप से खाली करवा लिया है ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके। फिलहाल महानगरपालिका द्वारा इमारत की सुरक्षा का मूल्यांकन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि,26 अगस्त को विरार-पूर्व के रामबाई बिल्डिंग इमारत गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 9 लोग जख्मी हुए थे।

अन्य समाचार