मुख्यपृष्ठनए समाचारसलीम डोला की खुली कुंडली... दिन में मुंबई का डॉन, रात में...

सलीम डोला की खुली कुंडली… दिन में मुंबई का डॉन, रात में तुर्की का शेख!

-मुंबई-दुबई-तुर्की के बीच चला रहा था नार्को हवाला…पूछताछ में ड्रग्स लॉर्ड उगल रहा है छिपे हुए राज

फिरोज खान / मुंबई

मुंबई क्राइम ब्रांच के लॉकअप में बैठे एक मामूली से दिखनेवाले शख्स की जब कुंडली निकली तो एनसीबी के भी होश उड़ गए। सलीम डोला नाम का या शख्स दिन में मुंबई का डॉन, रात में तुर्की का शेख अयान और दुबई में प्रॉपर्टी डीलर बनकर रह रहा था। ड्रग्स का काला पैसा व्हाइट करने के लिए वह मुंबई से दुबई, दुबई से तुर्की के बीच चला रहा था नार्को हवाला। हवाला के पैसों से डोला ने दुबई में अरबों रुपए की प्रॉपर्टी खरीदी। तुर्की में भी करोड़ों रुपए की संपत्ति खरीदने का पुलिस को अंदेशा है।
यूनिट ३ की कस्टडी में
मुंबई पुलिस अब सारी प्रॉपर्टी की लिस्ट बना रही है, ताकि कार्रवाई की जा सके। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुख्यात ड्रग तस्कर सलीम डोला, जिसे हाल ही में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया था, वह पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। डोला अभी मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट ३ की कस्टडी में है।
बिक गई दुबई में खरीदी, अरबों रुपयों की प्रॉपर्टी!
पुलिस की पूछताछ में ड्रग्स किंग पिन सलीम डोला तमाम खुलासे कर रहा है। पूछताछ के दौरान, पुलिस को गुमराह करने के लिए डोला ने माना कि उसने नारकोटिक्स ट्रैफिकिंग से मिले पैसों से दुबई में अरबों रुपए की प्रॉपर्टी खरीदी थी, लेकिन बाद में वह बिक गई। जांच अधिकारी इस दावे की हकीकत जानने के लिए एसेट्स से जुड़े वित्तीय मार्ग का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
वित्तीय लेन-देन या धन के स्रोत और प्रवाह यानी पैसा कहां से आया और कहां गया का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जांच में यह भी पता चला है कि डोला तुर्की में अयान शेख नाम से रहता था। क्राइम ब्रांच के अधिकारी उसके विदेश में आने-जाने, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और नारकोटिक्स नेटवर्क से संभावित इंटरनेशनल लिंक की जांच कर रहे हैं। डोला से अलग-अलग केस के सिलसिले में कई क्राइम ब्रांच यूनिट्स ने पूछताछ की है। शुरू में, क्राइम ब्रांच यूनिट ७ ने उससे सातारा ड्रग फैक्ट्री केस में पूछताछ की थी। इसके बाद यूनिट २ ने उससे मैसूर ड्रग फैक्ट्री केस में ३० मई तक पूछताछ की। ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजे जाने के बाद डोला को बाद में क्राइम ब्रांच यूनिट ३ की कस्टडी में ले लिया गया।

अन्य समाचार