-विप चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ से बचाने के पहले हादसा
-होटल से निकलते वक्त दीवार से जा टकराया वाहन
सुनील ओसवाल / मुंबई
नासिक विधान परिषद चुनाव से पहले चल रही सियासी उठापटक के बीच भाजपा की ‘ऑपरेशन पार्षद’ मुहिम उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब पार्टी पार्षदों को कथित तौर पर सुरक्षित ठिकाने पर ले जाने वाली बस होटल की दीवार से जा टकराई। घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा शहराध्यक्ष सुनील केदार ने बस चालक को हटाकर खुद स्टेयरिंग संभाल लिया। लेकिन बस आगे बढ़ते ही नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सीधे होटल परिसर की दीवार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी अचानक थी कि मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि, किसी के घायल होने की खबर नहीं है। नासिक विधान परिषद चुनाव में महायुति उम्मीदवार नरेंद्र दराडे की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
सियासी गलियारों में चुटकी
घटना के बाद नासिक की राजनीति में यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि जिस बस में सवार होकर पार्षदों को ‘सेफ’ रखना था, वह सफर शुरू होने से पहले ही बस दीवार से टकरा गई। चुनावी माहौल में यह घटना अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बनी हुई है।
पहले व्हिप, फिर टक्कर
होटल में भाजपा पार्षदों को व्हिप जारी किया गया। व्हिप की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही बस रवाना होने लगी, यह हादसा हो गया। घटना के बाद राजनीतिक विरोधियों को भी तंज कसने का मौका मिल गया।
