सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय कामगार सेना की ओर से एयरपोर्ट पर आयोजित एक मार्गदर्शन शिविर में बोलते हुए शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में दिल्ली से लेकर मुंबई तक पूरे देश में माफियाओं का प्रभाव बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कभी हवाई अड्डों पर इस तरह की माफियागीरी नहीं देखी गई थी, लेकिन अब भाजपा ने सीधे माफिया तत्वों को मुंबई एयरपोर्ट में घुसाया है। इन शब्दों में संजय राऊत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा समर्थित यूनियन और उसके पदाधिकारियों पर जमकर भड़के।
उन्होंने दावा किया कि एयरपोर्ट पर भाजपा से जुड़े कुछ पदाधिकारी और यूनियन के लोग तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं और उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि इस प्रवृत्ति के खिलाफ हमें संघर्ष करना आवश्यक है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के नेतृत्व में चल रही यूनियन पर निशाना साधते हुए राऊत ने आरोप लगाया कि उसके कुछ कार्यकर्ता मुंबई एयरपोर्ट को गलत गतिविधियों का अड्डा बना रहे हैं। भाजपा को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, ‘हिम्मत है तो पुलिस का सहारा लिए बिना आमने-सामने आकर बात करें।
