हिमांशु राज
भारतीय टेलीविजन पर एक बार फिर अनुपमा का जलवा कायम हो गया है। राजन शाही का यह लोकप्रिय शो बार्क इंडिया की 34वें हफ़्ते की रिपोर्ट में सबसे आगे रहा, जिसने कौन बनेगा करोड़पति 17 और बिग बॉस 19 जैसे बड़े और हाई-प्रोफाइल शोज को भी पीछे छोड़ दिया।
इस हफ्ते अनुपमा ने 2.4 की टीआरपी दर्ज की और करीब 35 लाख दर्शकों तक अपनी पकड़ बनाई। यह आंकड़ा दिखाता है कि लोगों की भावनाओं और समाज से जुड़ी कहानी को जिस गहराई से यह सीरियल दिखाता है, वही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। अनुपमा की संघर्ष और आत्मनिर्भरता की यात्रा लगातार दर्शकों को प्रेरित कर रही है।
दिलचस्प यह है कि तीखी प्रतिस्पर्धा के बावजूद यह शो मजबूती से नंबर-वन बना हुआ है। एक ओर बिग बी का करिश्मा और कौन बनेगा करोड़पति जैसा प्रतिष्ठित गेम शो दर्शकों को आकर्षित करता है, तो दूसरी ओर बिग बॉस 19 अपने विवादों और नाटकीय मोड़ों से लगातार चर्चा में है। फिर भी, अनुपमा की सीधी और संवेदनशील कथा ने लोगों को सबसे ज्यादा जोड़े रखा है।
अनुपमा की लोकप्रियता साबित करती है कि चमक-धमक और विवादित कंटेंट से कहीं ज्यादा, एक मजबूत कहानी और असरदार प्रदर्शन ही दर्शकों के दिलों तक पहुंचने की असली चाबी है। राजन शाही को भी इस बात का पूरा विश्वास है कि यही फैक्टर उनके शो को लंबे समय तक नंबर-वन बनाए रखेगा।
