रोजगार और करियर को नया आयाम देगा ‘स्किल2विन’ कार्यक्रम, युवाओं को मिलेगी नि:शुल्क ट्रेनिंग और प्लेसमेंट
मुंबई। कोटक महिंद्रा समूह की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) शाखा, कोटक एजुकेशन फाउंडेशन (केईएफ) ने युवाओं को रोजगार की दिशा में सक्षम बनाने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की शुरुआत की है। फाउंडेशन ने सोमवार को ‘स्किल2विन’ नामक नि:शुल्क व्यावसायिक शिक्षा और करियर तैयारी कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम युवाओं को न केवल रोजगार पाने के लिए बल्कि अपने पेशेवर जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
जानकारी के अनुसार, स्किल2विन दो महीने का विशेष कोर्स है, जिसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह युवाओं को व्यावसायिक, संचार, आईटी और जीवन कौशल जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं से सशक्त बना सके। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि प्रशिक्षित प्रतिभागी बहुक्षेत्रीय रोजगार अवसरों में अपनी जगह बनाएँ और कार्यस्थल की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को ढाल सकें।
कार्यक्रम विशेष रूप से दसवीं या बारहवीं पास, स्नातक कर रहे छात्रों या स्नातक डिग्री प्राप्त युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जो अपनी नौकरी की योग्यता और पेशेवर दक्षता बढ़ाना चाहते हैं। सबसे खास बात यह है कि कोर्स पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को फाउंडेशन की ओर से प्लेसमेंट सहायता भी प्रदान की जाएगी। इसके लिए केईएफ ने कई उद्योगों और कंपनियों के साथ साझेदारी की है, ताकि युवाओं को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार दिलाया जा सके।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कोटक एजुकेशन फाउंडेशन के वरिष्ठ प्रबंधक, व्यावसायिक शिक्षा एवं जीविका, अभिजात बेड़ेकर ने कहा, “हमें स्किल2विन जैसे गतिशील व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए खुशी हो रही है। यह युवाओं को प्रतिस्पर्धी नौकरी बाजार में सफल होने के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराता है। स्किल2विन तीन स्तंभों – नौकरी की तैयारी, संचार कौशल और आईटी कौशल – पर आधारित है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों का आत्मविश्वास बढ़ाना, डिजिटल दक्षता प्रदान करना और उन्हें कार्यस्थल की व्यावहारिक आदतों के लिए तैयार करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि स्किल2विन केवल तकनीकी प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है बल्कि इसमें सॉफ्ट स्किल्स, टीमवर्क और इंटरव्यू तैयारी जैसी क्षमताओं को भी शामिल किया गया है, ताकि युवा न सिर्फ नौकरी पा सकें बल्कि अपने चुने हुए क्षेत्र में दीर्घकालिक सफलता हासिल कर सकें।
कोटक एजुकेशन फाउंडेशन का मानना है कि इस प्रकार के प्रयास युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
