रायपुर। राजधानी रायपुर में उत्कल समाज का प्रमुख त्याेहार नुआखाई महोत्सव इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन जुहार परिवार रायपुर की ओर से लगातार 17वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव का आयोजन 14 सितंबर 2025, रविवार शाम 6 बजे से भारत माता चौक, गुढ़ियारी, रायपुर में किया जाएगा।
नुआखाई त्यौहार को ओडिशा और छत्तीसगढ़ के समाज में उतनी ही श्रद्धा और महत्व के साथ मनाया जाता है, जितना दीपावली को। इस दिन लोग नए वस्त्र और आभूषण धारण करते हैं, विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजन बनाकर परिजनों व मित्रों को आमंत्रित करते हैं और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देते हैं।
जुहार परिवार रायपुर ने बताया कि आयोजन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी और समाज के सभी लोगों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी रखी गई है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महोत्सव में पश्चिम ओडिशा और छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे। लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक छटा लोगों के सामने प्रस्तुत की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि नुआखाई महोत्सव का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एकजुट करना और अपनी परंपरा व संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुँचाना भी है।
कार्यक्रम विवरण
दिनांक : 14 सितंबर 2025 (रविवार)
समय : शाम 6 बजे से प्रारंभ
स्थान : भारत माता चौक, गुढ़ियारी, रायपुर (छत्तीसगढ़)
आयोजक : जुहार परिवार रायपुर
संपर्क : 9713295111
इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पारंपरिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई है।
