मुख्यपृष्ठसमाचारपेड़ पर चढ़ फांसी के फंदे में लटकी लड़की, लड़के ने बचाया

पेड़ पर चढ़ फांसी के फंदे में लटकी लड़की, लड़के ने बचाया

राजेश सरकार / प्रयागराज

गंगानगर के सोरांव क्षेत्र में एक लड़की ने पेड़ से लटक कर जान देने की कोशिश की लेकिन ऐन वक्त पर एक अनजान लड़के ने आकर उसकी जान बचा ली। लड़की ने पहले पेड़ पर चढ़कर मोबाइल फोन पर किसी से बात की। फिर अपने दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाया। फंदे में गर्दन डालकर पेड़ से लटक गई। इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ वीडियो क्लिप बनती रही लेकिन लड़की को बचाने कोई नहीं गया। इतने में भीड़ को चीरते हुए एक अनजान लड़का तेजी से लड़की की तरफ दौड़ा और उसका पैर पकड़कर अपने कंधे पर चढ़ा लिया, जिससे लड़की की जान बच गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह घटना पांच सितंबर की है। होश में आने पर लड़की ने बताया की वह सोरांव की रहने वाली है। पड़ोसी गांव बीरभद्र पुर उर्फ कलीपुर बहरिया का एक युवक उसके गांव में आता था। इस दौरान लड़की को अपने जाल में फंसाया। तीन साल से लगातार उससे फोन पर बात किया करता था। इस बीच तीन सितंबर को वह बुलेट से लड़की के गांव पहुंचा। उसे घुमाने ले गया। लड़की जल्दी घर जाना चाहती थी लेकिन लड़का उसे एक कमरे ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीने को दिया। जिसे पीते ही लड़की बेहोश हो गई। बेहोशी हालत में उसके साथ रिलेशन बना लिए। उसकी न्यूड तस्वीरें मोबाइल में कैद कर ली। इन तस्वीरों के जरिए युवक लड़की को उंगलियों पर नचाता रहा। जिससे परेशान होकर आत्महत्या की नीयत से लड़की ने अपने गांव के बाहर पांच सितंबर को पेड़ से लटक कर फांसी लगाने का प्रयास किया। फांसी से लटकने वाली वीडियो क्लिप सोमवार आठ सितंबर को सोशल प्लेटफॉर्म पर वायरल की गई।

हालांकि वीडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि दोपहर का सामना अखबार नहीं करता। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। आरोपी लड़के को उसके गांव में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लड़के का नाम सुरेंद्र यादव है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप गुनावत ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र यादव से पीड़िता के तीन साल से संबंध हैं। इस दौरान शादी का झांसा देकर उसने पीड़िता से जबरन संबंध बना लिए। उसे अरेस्ट कर लिया गया है।

अन्य समाचार