-एएसआई और दो कॉन्स्टेबल का वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की पुलिस अय्याश हो गई है। दतिया जिले के सिविल लाइन थाना में पदस्थ एएसआई संजीव गौड़ और कुछ अन्य युवकों का दो महिलाओं के साथ अश्लील डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो शहर के होटल कंफर्ट का बताया जा रहा है। यह वीडियो २ सितंबर का है, जब आरक्षक राहुल बौद्ध के जन्मदिन की पार्टी में उक्त महिलाएं डांस कर रही थीं और इस दौरान ये लोग उनके साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी सूरज वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संजीव गौड़ और राहुल बौद्ध को निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी प्रकार के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि २ सितंबर को होटल कंफर्ट में जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें बार डांसर बुलाए गए थे और देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। वायरल वीडियो में एएसआई संजीव गौड़ और अन्य युवक दो महिलाओं के साथ फिल्मी गानों पर डांस करते हुए अश्लील हरकतें करते नजर आ रहे हैं। एसपी सूरज वर्मा ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद होटल पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
