मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : पत्नी को दुआ देनेवाला पति बना खूंखार... पत्नी के कर...

तहकीकात : पत्नी को दुआ देनेवाला पति बना खूंखार… पत्नी के कर दिए टुकड़े-टुकड़े!

फिरोज खान

भिवंडी के ईदगाह रोड के पास बूचड़खाने के इलाके में एक महिला का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे इलाके में हलचल मच गई। महिला की उम्र २५ से २८ साल के बीच लग रही थी। भयानक हत्या की खबर से घटनास्थल पर लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। महिला की मुंडी देखकर हर कोई आश्चर्यचकित था, क्योंकि महिला की आंखें खुली हुई थीं। उसे देख ऐसा लग रहा था मानो महिला की निगाहें किसी का इंतजार कर रही हों। खैर, मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी। महिला की पहचान के साथ ही कातिल को पकड़ना सबसे बड़ी चुनौती थी। पुलिस टीम ने ईदगाह बस्ती में जानकारी जुटाना शुरू किया। पता चला कि बस्ती से एक महिला गायब है। बस्तीवालों को जब पुलिस ने महिला का कटा हुआ सिर दिखाया तो कुछ लोगों ने शिनाख्त करते हुए बताया कि महिला अपने पति और एक छोटे बच्चे के साथ हाल ही में यहां रहने आई थी। पुलिस के हाथ सुराग लगते ही जांच तेज हो गई। जांच में पता चला कि मृत महिला का पति घर पर नहीं है और कुछ दिनों से घर पर ताला लगा हुआ है। महिला के पति को ढूंढ़ना पुलिस के लिए किसी टेढ़ी खीर से कम न था, क्योंकि न तो उसका कोई पता-ठिकाना था और न ही कोई मोबाइल नंबर। महिला के पति की तलाश में बस्ती की खाक छान रही पुलिस जब एक किराना दुकान पर पहुंची तो दुकानदार से पता चला कि फरार शख्स अकसर उसकी दुकान से सामान लेता था और ऑनलाइन पेमेंट करता था। पुलिस को फरार पति का मोबाइल नंबर मिलते ही उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और उसे बस्ती से २० किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया। पुलिस ने पति से गहन पूछताछ की तो हत्याकांड का सारा सच सामने आ गया। आरोपी पति ने बताया कि वो ट्रक ड्राइवर है और उसकी पत्नी रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती थी। दोनों की दो साल पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई। दोनों एक-दूसरे को बेइंतिहा चाहने लगे और दोनों ने शादी कर ली। वो अपनी पत्नी को दिलोजान से प्यार करता था और पत्नी को अकसर दुआएं देता था कि उसे चांद की उम्र लग जाए। शादी के बाद उन्हें एक बेटा हुआ और उन्होंने भिवंडी में ईदगाह के पास एक मकान किराए पर ले लिया। इसी बीच दोनों एक-दूसरे पर शक करने लगे और एक-दूसरे के चरित्र को लेकर उनके बीच झगड़े होने लगे। दोनों के बीच शक इस कदर गहरा गया कि बात कत्ल तक पहुंच गई। पति ने घर पर सो रही पत्नी का गला इस कदर काटा कि उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पत्नी की मृत्यु के बाद उसने शरीर के १७ टुकड़े किए और पास के नाले में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए, ताकि किसी को कोई सबूत न मिल सके। इसके बाद उसने पत्नी की कटी हुई मुंडी बूचड़खाने के पीछे सुनसान जगह पर डाल दी। खैर, किसी ने ठीक कहा है कि शक का कोई इलाज नहीं होता। शक के चलते न केवल एक हंसता-खेलता परिवार बर्बाद हो गया, बल्कि पत्नी के कत्ल में जुर्म में पति जेल चला गया और उनका बच्चा अनाथ हो गया।

अन्य समाचार

सूत्रधार