सामान संवाददाता / प्रयागराज
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के यमुनापार स्थित करछना थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ सोमवार देर रात एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। गोली लगने से 24 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से समारोह वाले घर और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बच्चे के जन्म की खुशी में चल रहा था कार्यक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करछना थाना क्षेत्र की भुंडा चौकी अंतर्गत निरिया गाँव में एक परिवार में बच्चे के जन्म की खुशी का उत्सव मनाया जा रहा था। कार्यक्रम में रिश्तेदार और ग्रामीण जुटे हुए थे तथा चारों तरफ उल्लास का माहौल था। इसी दौरान जश्न के बीच किसी ने उत्साह में आकर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। तभी अचानक चली एक गोली वहाँ मौजूद 24 वर्षीय सर्वेश यादव उर्फ गोलू को जा लगी। गोली लगते ही सर्वेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और पल भर में समारोह की खुशियाँ चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, मृतक का चाचा हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने आनन-फानन में शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी और इस सिलसिले में मृतक के सगे चाचा को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के सटीक कारणों तथा गोली किस परिस्थिति में और किसके असलहे से चली, इसकी गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पूछताछ पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हर्ष फायरिंग पर है पूरी तरह प्रतिबंध
शासन और प्रशासन द्वारा हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह रोक लगाए जाने के बावजूद इस तरह की लापरवाही थमती नजर नहीं आ रही है, जिसने आज फिर एक माँ की गोद सूनी कर दी और एक नौजवान की जान ले ली।
