मुख्यपृष्ठनए समाचारअगले हफ्ते बजेगा चुनावी नगाड़ा!

अगले हफ्ते बजेगा चुनावी नगाड़ा!

– मुंबई सहित २९ मनपाओं में १५ से २० जनवरी के बीच वोटिंग

-पहले चरण में २४६ नगरपालिकाओं की हो सकती है घोषणा

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य में लंबे समय से टल रही स्थानीय निकाय की चुनावी प्रक्रिया अब पटरी पर लौटने को तैयार है। ऐसे में कहा जा रहा है कि अगले हफ्ते चुनावी नगाड़ा बज सकता है। सूत्रों के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग अगले हफ्ते पहले चरण की घोषणा कर सकता है, जिसमें २४६ नगरपालिकाओं और ४२ नगर पंचायतों के लिए मतदान का कार्यक्रम जारी होगा। वहीं, मुंबई सहित राज्य की २९ मनपाओं में १५ से २० जनवरी के बीच मतदान होने की संभावना है। चुनावी तैयारियों को देखते हुए आयोग ने ५० हजार नई ईवीएम मशीनें खरीदी हैं और मतगणना मतदान के अगले ही दिन करने की योजना बनाई है, ताकि तीनों चरणों की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।
उल्लेखनीय है कि राज्य में इस बार स्थानीय स्वराज संस्थाओं के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा चुनावी महासंग्राम होने जा रहा है। २९ मनपाओं, २४६ नगरपालिकाओं, ४२ नगर पंचायतों, ३२ जिला परिषदों और ३३६ पंचायत समितियों के लिए एक साथ मतदान कराया जाएगा। आयोग ने मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए ५० हजार नई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें यानी ईवीएम खरीदी हैं। इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश सरकार और भारत निर्वाचन आयोग से भी ईवीएम की अतिरिक्त मांग की गई है, ताकि किसी भी चरण में मतदान प्रभावित न हो।
चुनाव का खाका तैयार
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावों को तीन चरणों में कराने का खाका तैयार किया है। सूत्रों के मुताबिक, पहले चरण में नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के चुनाव होंगे, दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समितियों के लिए मतदान कराया जाएगा, जबकि तीसरे और अंतिम चरण में मुंबई सहित राज्य की सभी महानगरपालिकाओं के चुनाव होंगे। आयोग का लक्ष्य है कि सभी चुनावी प्रक्रियाएं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित ३१ जनवरी २०२६ की समय सीमा से पहले पूरी हो जाएं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस १९ से २३ जनवरी तक दावोस में विश्व आर्थिक परिषद में शामिल होने वाले हैं। इसलिए आयोग २० जनवरी से पहले ही महानगरपालिका चुनाव संपन्न कराने की तैयारी में है।
मतदान के अगले दिन होगी मतगणना
स्थानीय स्वराज संस्थाओं के प्रत्येक चरण की मतगणना मतदान के अगले दिन की जाएगी, क्योंकि तीनों चरणों की एक साथ मतगणना संभव नहीं है। निर्वाचन तंत्र पर बढ़ते दबाव और सीमित मानव संसाधन को देखते हुए, हर चरण के मतदान के बाद मतगणना की जाएगी, ऐसा सूत्रों ने कहा।

अन्य समाचार

सूत्रधार