भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सप्ताह के अंत में गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। पहले टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान गिल को स्लॉग स्वीप खेलते समय गर्दन में खिंचाव का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ दिया और मैच में वापस नहीं आए। उन्हें तत्काल टीम फिजियो ने चेक किया और कोलकाता के अस्पताल में मेडिकल स्कैन भी कराया गया। डॉक्टरों ने गिल को चार दिन आराम करने और हवाई यात्रा से बचने की सलाह दी है। उनकी गर्दन में तेज दर्द है और उन्हें कॉलर पहनकर आराम करना होगा। इस वजह से, गिल को दूसरे टेस्ट मैच के लिए गुवाहाटी नहीं भेजा जाएगा।
