सामना संवाददाता / प्रयागराज
शहर से लगायत नैनी के व्यस्त हनुमाननगर बाजार की दुकानें चोरों के निशाने पर हैं। सोमवार बीतीरात यहां किराने की एक दुकान में चोरी हो गई। चोरों ने दुकान की छत पर लगे टीन शेड हटाकर अंदर घुसकर नकदी समेत हजारों का माल पार कर दिया। मंगलवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो उसे चोरी का पता चला। सूचना देनेे पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, फिर जांच-पड़ताल कर लौट गई। जानकारी के अनुसार, नैनी कोतवाली के पीछे काजीपुर मोहल्लेे के रमेश केसरवानी की हनुमाननगर बाजार में किराने की दुकान है। दुकान मालिक रमेश केसरवानी ने बताया कि वह रात में हमेशा की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। रमेश केसरवानी के अनुसार गल्ले से करीब पांच हजार रुपये चोरों ने निकाल लिए। इसके अलावा दुकान में रखा स्पीकर भी उठा ले गए। उसने नैनी कोतवाली में तहरीर देकर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पहले हुई चोरियों का खुलासा नहीं
हनुमाननगर बाजार में इससे पहले नवंबर की शुरुआत में खालसा ट्रेडर्स में छत के रास्ते खिड़की से दुकान के अंदर घुसे चोरों ने नकदी समेत हजारों के कॉस्मेटिक के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी की घटनाओं का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। हालांकि, चोर पकड़ से दूर हैं।
