द्रुप्ति झा
रिक्शा, टैक्सी, कैब सब ठप्प, महामुंबई की दुर्दशा
यात्रियों के जेबों पर पड़ा सबसे बड़ा असर
यात्रियों ने सुनाई अपनी व्यथा
सीएनजी संकट से थमा शहर, कई पंप बंद, जहां-तहां खड़े हुए हजारों वाहन। मुंबई, ठाणे और नई मुंबई इलाकों में सोमवार से लेकर लगातार तीसरे दिन भी सीएनजी की किल्लत जारी रही और सीएनजी पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। रिक्शा और टैक्सियां उपलब्ध न होने पर यात्री दौड़ पड़े, किसी को ऑटो नहीं मिला तो किसी को टैक्सी नहीं मिला, नसीब से अगर कोई ऑटो वालों ने यात्रियों को ले जाने के लिए तैयार भी हुआ तो दोगुना भाड़ा के साथ जिसे सुनकर यात्रियों में निराशा देखी गई। अंधेरी से बीकेसी तक जाने का ५०० रुपए लिया गया तो वहीं पर पवई से अंधेरी स्टेशन की ओर जानेवाले यात्रियों से ४०० रुपए लिए गए ऐसे में यात्रियों के लिए भी अपने मुकाम तक पहुंचना एक चुनौती बनी रही। मुंबई में सीएनजी संकट १८ नवंबर को भी गहराया रहा, जिसने शहर के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। सीएनजी आपूर्ति बाधित होने के कारण शहर के परिवहन पर गंभीर असर पड़ा। इसी बीच मुंबई ऑटोरिक्शा और टैक्सी मेन यूनियन ने चेतावनी दी है कि शाम तक शहर का सार्वजनिक परिवहन ठप हो सकता है।
ऑटो यूनियन के अध्यक्ष शशांक राव ने कहा कि अगर सीएनजी आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो शाम तक लगभग सभी ऑटो और टैक्सी सड़कों से हट जाएंगी। मुंबई में ऑटोरिक्शा, टैक्सियां, बसें और उबर व ओला जैसी एग्रीगेटर वैâब सड़कों से बड़ी संख्या में नदारद हैं। इन हालातों में इसका सीधा असर पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र में महसूस किया गया। टैक्सी चालक राम यादव ने कहा कि सीएनजी के लिए घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ा और फिर भी गैस नहीं मिली। ज्यादातर सीएनजी स्टेशन / पंप पूरी तरह से बंद रहे, जिस वजह से वहां हमारे जैसे चालकों को कई मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्री सुशीला जोशी ने कहा कि किराया इतना बढ़ गया है कि सीधे किराया दोगुना करके लिया जा रहा है, मैंने मंगलवार सुबह अंधेरी से एमआईडीसी जाने के लिए ३०० रुपए दिए हैं और अगर ऐसा ही आगे भी रहा तो हमारे से लिए सर्वाइव करना मुश्किल हो जाएगा, किराया कम करने का नाम ही नहीं लेते और जाना हमारी मजबूरी हो जाती है, क्योंकि ऑफिस जाने के लिए देर होती रहती है। सरकार को इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द निकालना होगा। सीएनजी से चलनेवाले ऑटोरिक्शा, टैक्सी, बसें और निजी वाहन इस कमी से बुरी तरह प्रभावित हुए। मुंबई महानगर क्षेत्र के लगभग ३८९ सीएनजी पंप प्रभावित हुए। मुंबई, ठाणे और नई मुंबई क्षेत्रों में अधिकांश ऑटोरिक्शा और टैक्सियां, साथ ही कुछ बेस्ट बसें भी सीएनजी से चलती हैं। इनमें से अधिकांश वाहनों का संचालन रविवार से चरणों में बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर से पेट्रोल पंपों पर सीएनजी गैस नहीं पहुंची है।
