सामनवा संवाददाता / मुंबई
अंबरनाथ में ‘कोयता गैंग’ का आतंक बढ़ गया है। यहां ९ लोगों द्वारा तलवार और कोयते से एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शहर में बढ़ती गुंडागर्दी के कारण इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार, १८ नवंबर को सुधीर अपनी गाड़ी की वेल्डिंग कराने के लिए घर के पास की एक दुकान पर गया था। अचानक, नौ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी वैâमरों में वैâद हो गई, जिसमें हमलावर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। हमले के पीछे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ८ हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हमले की वजह आपसी रंजिश!
घटना अंबरनाथ के जावसई इलाके की है। पीड़ित सुधीर ओमप्रकाश सिंह फुलेनगर वाड़ी में अपने परिवार के साथ रहते हैं और उनका इलाके में एक तबेला है। हमले के पीछे कोई आपसी रंजिश बताई जा रही है। हमले में सुधीर सिंह की पीठ, हाथों और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं, उन्हें उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में अंबरनाथ-पश्चिम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
