मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार की तरह अब महाराष्ट्र में भी ‘जंगलराज’! ...अंबादास दानवे का ‘महायुति’...

बिहार की तरह अब महाराष्ट्र में भी ‘जंगलराज’! …अंबादास दानवे का ‘महायुति’ सरकार पर हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
बिहार की तरह महाराष्ट्र में भी भाजपा के चलते जंगलराज की शुरुआत हो गई है। इन शब्दों में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता अंबादास दानवे ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला है।
अंबादास दानवे ने महायुति का घेराव करते हुए कहा कि यह सरकार राज्य में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रही है। नगरपालिका चुनाव में पर्चा दाखिल करने के लिए एक महिला को भारी सुरक्षा की जरूरत पड़ी। चूंकि वह महिला विरोध में पर्चा दाखिल कर रही थी इसलिए सत्ता पक्ष के लोग उस पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे। इस स्थिति को लेकर दानवे ने महायुति सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जंगलराज की शुरुआत हो गई है। मोहोल की यह घटना बेहद गंभीर है। बिहार के चुनाव में ‘जंगलराज’ शब्द का इस्तेमाल करने वाली भाजपा के कारण अब महाराष्ट्र में ही जंगलराज की घंटी बजने लगी है। राजमाता अहिल्यादेवी होल्कर की जन्मभूमि महाराष्ट्र में एक महिला को सशस्त्र पुलिस की सुरक्षा में तड़के अंधेरे में चुनाव का नामांकन दाखिल करने जाना पड़ता है, यह बहुत ही चिंताजनक है।
दरअसल, संभाजीनगर नगरपालिका और नगर पंचायत चुनाव के लिए कल नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था। पूर्व विधायक राजन पाटील ने मोहोल में एक जगह निर्विरोध चुने जाने का दावा करते हुए इसका खुला एलान किया था। मगर उज्वला थिटे नाम की महिला उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल कर दिया, जिसके बाद भाजपा को तगड़ा झटका लगा। अब वहां एक सीट पर चुनाव होगा। १७ में से १६ उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं, लेकिन अब एक सीट के लिए मतदान होगा।

अन्य समाचार

कजरी