मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर में निर्माणाधीन एलिवेटेड ब्रिज... इंजीनियिंरग का घटिया नमूना!

मीरा-भायंदर में निर्माणाधीन एलिवेटेड ब्रिज… इंजीनियिंरग का घटिया नमूना!

-सुविधा का वादा, परेशानी का निर्माण, ट्रैफिक में फंसने का डिजाइन?

सामना संवाददाता / भायंदर

भायंदर के नागरिकों के लिए राहत देने के उद्देश्य से बनाए जा रहे मेट्रो-लाइन ९ के साथ एलिवेटेड रोड का निर्माण अब उल्टा सवालों में घिर गया है। काशीमीरा से भायंदर तक प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिजों में तीसरा ब्रिज अंतिम चरण में है, लेकिन इसकी डिजाइन और संरचना को लेकर आम नागरिकों के साथ ट्रैफिक विशेषज्ञ गंभीर चिंता जता रहे हैं।
इस ब्रिज का उद्देश्य ट्रैफिक जाम कम करना था, लेकिन वर्तमान डिजाइन देखकर ऐसा लग रहा है कि यह ट्रैफिक जाम को कम नहीं बल्कि और बढ़ा देगा। गोल्डन नेस्ट के पास स्थित यह चार लेन वाला पुल अचानक बीच में जाकर दो लेन में बदल जाता है, जिससे ‘बॉटल नेक’ की स्थिति बनना तय है। ट्रैफिक एक्सपर्ट्स के अनुसार, यही संरचनात्मक गलती आगे चलकर एक्सीडेंट और लंबे जाम की स्थिति पैदा करेगी।
जानकारों के मुताबिक यह पुल सिर्फ कुछ ही रास्तों के लिए उपयोगी होगा, जबकि बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ नहीं उठा पाएंगे। ऐसे में भारी निवेश और वर्षों के निर्माण के बाद भी इसका उपयोग सीमित रह जाएगा।
लोगों की चिंता, फायदा कम, खतरा ज्यादा
कई नागरिकों का कहना है कि पुल बनने के बाद भी पांच रास्ते, न्यू गोल्डन नेस्ट, गोडदेव गांव, इंद्रलोक और भायंदर पश्चिम की ओर जाने वालों को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा। वहीं ड्राइवरों का मानना है कि अचानक संकरी लेन, तेज ट्रैफिक के बीच वाहन नियंत्रण खोने की स्थिति पैदा कर देगी। बुनियादी ढांचा शहर के विकास की जरूरत है, लेकिन अगर वह योजनाएं वास्तविक जरूरतों और व्यावहारिक स्थिति के अनुरूप न हों तो वे समाधान नहीं बल्कि नई समस्या बन जाती हैं। मीरा-भायंदर का यह नया पुल भी अगर समय रहते डिजाइन संशोधित नहीं किया गया तो यह शहर का नया ट्रैफिक जाम पॉइंट बनने में देर नहीं करेगा।
परेशानी के कई कारण
ब्रिज की चौड़ाई अचानक ४ लेन से २ लेन हो जाती है।
पांच रास्तों वाले सर्किल पर सिर्फ एक ही निकास बनाया गया है।
पूर्व और पश्चिम दिशा में जाने वालों के लिए ब्रिज का कोई उतार नहीं।
ब्रिज चढ़कर गलत दिशा में जाने वाले वाहन चालक फंस जाएंगे।
बहुतेरे वाहन चालकों को इस ब्रिज का कोई फायदा नहीं मिलेगा।

अन्य समाचार