-शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल को म्हाडा उपाध्यक्ष का आश्वासन
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के सायन प्रतीक्षानगर में ट्रांजिट कैंप की बिल्डिंगों को खतरनाक बताते हुए म्हाडा ने वहां के लोगों को रीडेवलपमेंट के लिए घर खाली करने का नोटिस जारी किया है। इसी पृष्ठभूमि में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) का एक शिष्टमंडल शिवसेना सांसद अनिल देसाई के नेतृत्व में म्हाडा उपाध्यक्ष से मुलाकात की और लोगों की समस्याओं को दूर करने की मांग की।
बता दें कि पवई आईआईटी द्वारा किए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट के मुताबिक, प्रतीक्षानगर ट्रांजिट कैंप की बिल्डिंगें खतरनाक हैं। इसके बाद म्हाडा ने सालों से इस ट्रांजिट कैंप में रह रहे लोगों को रीडेवलपमेंट के लिए अचानक घर खाली करने का नोटिस भेजा है। इस बारे में शिवसेना नेता व सांसद अनिल देसाई ने स्थानीय निवासियों और रीडेवलपमेंट एक्शन कमिटी के सदस्यों के साथ म्हाडा उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल के साथ बैठक की। इस बैठक में म्हाडा उपाध्यक्ष ने रहिवासियों को आश्वासन दिया कि जिन सदस्यों को नोटिस दी गई है, उन्हें घर दिया जाएगा। इस पर रहिवासियों ने कहा कि कामन नोटिस दी गई है। इससे भविष्य में पात्र-अपात्र करके अयोग्य घोषित किया जा सकता है। रहिवासियों के इस डर का निदान करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि हर सदस्य के नाम से नोटिस जारी की जाएगी। इसके साथ ही कुछ मुद्दों पर स्थानीय निवासियों और एक्शन कमेटी के बीच निदान नहीं हुआ है, उसके लिए आने वाले दिनों में सांसद अनिल देसाई के मार्गदर्शन में म्हाडा के उपाध्यक्ष की उपस्थिति में बैठक होगी और बाकी समस्याओं का निदान किया जाएगा। इस बैठक में विभाग प्रमुख प्रमोद शिंदे, विभाग संगठक पद्मावती शिंदे, गोपाल शेलार, प्रणिता वाघधरे, गजानन पाटिल आदि पदाधिकारी और रहिवासी उपस्थित थे।
