सामना संवाददाता / झुंझुनू
राजस्थान में झुंझुनू जिले के खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के झोझू धाम के पास शनिवार सुबह रोड़ी से भरा एक ट्रोला अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रोला ड्राइवर यूपी निवासी हरमन सिंह घायल हो गए। ये हादसा ब्रेक का प्रेशर पाइप फटने के कारण हुई। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रोला खेतड़ी के खनन क्षेत्र से रोड़ी भरकर हरियाणा के पलवल जा रहा था। झोझू धाम के पास अचानक ब्रेक का प्रेशर पाइप फटने से ट्राला बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन या पैदल यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के कारण खेतड़ी से नीमकाथाना जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस सड़क पर गति-नियंत्रण संकेतक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि नई सड़क होने के कारण ओवरलोड वाहनों को तेज गति से चलाया जा रहा है, जिससे नियंत्रण खोने पर वे पलट जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर कई ओवरलोड वाहन चलते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
