सामना संवाददाता / मुंबई
8 मई 2026 शुक्रवार को शिवदत्त शर्मा (सेवानिवृत्त, पूर्व उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/HRD/पश्चिम रेलवे मुंबई; पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी/कोच) द्वारा लिखित पंजाबी ग़ज़ल संग्रह “सजना वे सजना” का विमोचन गरवारे क्लब हाउस , चर्चगेट के भव्य हॉल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंच पर प्रसिद्ध गायक पद्मश्री अनूप जलोटा, साइरस गोरिमार (मानद उपाध्यक्ष, गरवारे क्लब हाउस), विजय टंडन (लेखक, निर्माता, अभिनेता), मनीष अजमेरा (मानद कोषाध्यक्ष), सवाई धवल (मेज़बान सदस्य) उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम में अनूप जलोटा जी ने शिव दत्त अक्स को उनके लेखन के लिए शुभकामनाएं दी और उनकी ग़ज़लों का मनोहारी गायन किया । विजय टण्डन ने मुंबई शहर में ऐसे भव्य साहित्यिक आयोजन के लिए लेखक को बधाई दी।इस आयोजन में लगभग पांच सौ से अधिक साहित्य और संगीतप्रेमी उपस्थित थे,जिन्होंने पूरे कार्यक्रम में लेखक की सरहाना की। कार्यक्रम के अंत में लेखक ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिवदत्त अक्स मुंबई शहर के प्रतिष्ठित ग़ज़लकार हैं। तमाम मंचों और मुशायरों में इनकी सक्रिय भागीदारी होती है। देश के प्रतिष्ठित शायरों के साथ इन्होंने अपनी प्रस्तुति दी है। इनकी पहली ग़ज़ल पुस्तक ‘अक्स-ए-ग़ज़ल’ मई 2018 में मुंबई के ही वाई बी चव्हाण केंद्र में सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत की गई थी।
