मुख्यपृष्ठनए समाचारसीबीएसई 12वीं में प्रयागराज रीजन देशभर में फिसड्डी...सबसे खराब रहा रिजल्ट

सीबीएसई 12वीं में प्रयागराज रीजन देशभर में फिसड्डी…सबसे खराब रहा रिजल्ट

– 72.43 फीसदी परिणाम के साथ सबसे निचले पायदान पर प्रयागराज

राजेश सरकार / प्रयागराज

सीबीएसई ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार प्रयागराज रीजन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। 72.43 प्रतिशत पास रिजल्ट के साथ प्रयागराज देशभर के सभी सीबीएसई रीजन में सबसे नीचे पहुंच गया। वहीं त्रिवेंद्रम रीजन ने 95.62 प्रतिशत परिणाम के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया। सीबीएसई के अनुसार इस वर्ष देशभर में कुल 85.20 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। हालांकि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब तीन प्रतिशत कम रहा। वाराणसी क्षेत्र में 23,546 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जहां लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी और लड़कों का 82.13 प्रतिशत दर्ज किया गया।इस बार भी छात्राओं ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। बोर्ड परीक्षा में 94,028 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 17,113 छात्रों ने 95 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की। सीबीएसई ने लगातार दूसरे वर्ष मेरिट लिस्ट और टॉपर घोषित नहीं करने का फैसला बरकरार रखा है। बोर्ड का कहना है कि इसका उद्देश्य छात्रों के बीच अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा और मानसिक दबाव को कम करना है। साथ ही स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी छात्र को जिला या स्कूल टॉपर बताकर प्रचारित न किया जाए। बोर्ड ने इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम से कराया। छात्र अपना परिणाम सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और एसएमएस के माध्यम से भी देख सकते हैं। हालांकि ऑनलाइन स्कोर कार्ड को आधिकारिक दस्तावेज नहीं माना जाएगा। विद्यार्थियों को स्कूल से मूल अंकपत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

अन्य समाचार