सामना संवाददाता / मुंबई
मई दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO) की ओर से आयोजित विशेष समारोह में रेलवे कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम किया गया। रेल सेवाओं को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को इस दौरान सम्मानित किया गया।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, संगठन की अध्यक्षा सुजाता पाण्डेय ने कार्यकारी समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न मंडलों, कारखानों और विभागों के कर्मचारियों को सम्मानित किया। समारोह में उत्कृष्ट सेवा के लिए कुल 38 व्यक्तिगत पुरस्कार और एक समूह नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित कर्मचारियों को मेरिट प्रमाणपत्र और उपहार भी दिए गए।
अपने संबोधन में श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी रेलवे कर्मचारी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्हीं के अथक परिश्रम से पश्चिम रेलवे की सेवाएं निर्बाध रूप से चल रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पा रही है। उन्होंने महिला कर्मचारियों के योगदान की भी विशेष सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ युवा कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करते हैं। समारोह के दौरान अगले छह महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को भी स्वस्थ और सुखद जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा पश्चिम रेलवे के विकास में उनके योगदान को सराहा गया।
