मुख्यपृष्ठसमाचारमुहर्रम के दिन हनुमान जी का भंडारा करने पर अड़े राजा भदरी...

मुहर्रम के दिन हनुमान जी का भंडारा करने पर अड़े राजा भदरी उदय प्रताप सिंह नजरबंद

-कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह के पिता हैं राजा उदय प्रताप

-मुहर्रम के दिन हुई थी वानर की हत्या, तभी से करते आ रहे हैं भंडारे का आयोजन

विक्रम सिंह / प्रतापगढ़

मुहर्रम के दिन कपिराज लंगूर की हत्या होने से दुखी राजा भदरी उदय प्रताप सिंह दशकों से भंडारे व सुंदरकांड पाठ आदि का आयोजन करते आ रहे हैं। प्रशासन कानून-व्यवस्था कायम रखने का हवाला देकर उन्हें प्रतिवर्ष ऐसा करने से रोकता है और नजरबंद कर देता है। इस बार भी ऐसा ही किया गया। शुक्रवार को मुहर्रम है और राजा उदय प्रताप इस बार भी 41 घंटों के लिए हाउस अरेस्ट कर लिए गए। प्रशासन की ओर से संबंधित लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दी गई है। सभी को शुक्रवार रात नौ बजे तक घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। शांति व्यवस्था के लिए यहां छह एसओ, तीन सीओ, दो प्लाटून पीएसी समेत चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा है।
बता दें कि दो दशक पहले शेखपुर आशिक में कुछ लोगों ने एक बंदर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए हिंदू समाज की भावनाओं को देखते हुए उदय प्रताप ने ताजिया मार्ग पर लखनऊ-प्रयागराज हाईवे के किनारे हनुमान जी का मंदिर बनवाकर हर साल मुहर्रम पर पूजन व भंडारा कराना शुरू कर दिया था। मुहर्रम पर पूजन व भंडारा करने को लेकर तनातनी बनी रहती थी। पिछले दस वर्षों से प्रशासन ने भंडारे पर रोक लगा रखी है और हर साल उदय प्रताप व उनके करीबियों को हाउस अरेस्ट कर दिया जाता है। ताजिए दफन हो जाने के बाद उन्हें इस पाबंदी से आजाद कर दिया जाता है।
हाउस अरेस्ट किए गए लोगों में उदय प्रताप सिंह को उनकी भदरी कोठी में रहने को कहा गया है। इसके साथ ही निर्भय सिंह बेंती, जुगनू विश्वकर्मा हथिगवां, हनुमान पांडेय कुंडा, जितेंद्र यादव, आनंद पाल, रमाकांत मिश्रा, भवानी विश्वकर्मा, रवि सिंह, केशरी नंदन पांडेय, जमुना प्रसाद मौर्य, गया प्रसाद प्रजापति तथा मोहन पुत्र रामजन्म निवासी गोपालगंज, हथिगवां शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। जिन लोगों को हाउस अरेस्ट किया गया है, उनके आवासों पर कुंडा कोतवाल मनोज पांडेय समेत पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके। एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय का कहना है कि सभी संबंधित व्यक्तियों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। पुलिस बल तैनात कर निगरानी की जा रही है।

अन्य समाचार