मुख्यपृष्ठसमाचारशिवसेना को मजबूती देने बीड़ पहुंचेंगे परशुराम जाधव, चार दिन में सभी...

शिवसेना को मजबूती देने बीड़ पहुंचेंगे परशुराम जाधव, चार दिन में सभी तालुकों का करेंगे दौरा

5 से 8 जुलाई तक संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला, पदाधिकारियों से करेंगे सीधा संवाद

रवींद्र मिश्र /  मुंबई

 शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने मराठवाड़ा में संगठन को नई मजबूती देने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी के बीड़ जिला संपर्क प्रमुख परशुराम जाधव 5 जुलाई से चार दिवसीय बीड़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले के सभी प्रमुख तालुकों का दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों और निष्ठावान शिवसैनिकों के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे तथा आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

यह दौरा शिवसेनापक्षप्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे, युवासेना प्रमुख आदित्य ठाकरे, विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे तथा मराठवाड़ा समन्वयक एवं शिवसेना उपनेता विश्वनाथ नेरुरकर के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। बैठकों में संगठन विस्तार, पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और बीएलए, एसआईआर समेत विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

दौरे की शुरुआत 5 जुलाई को आष्टी, पाटोदा, शिरूर और गेवराई से होगी। 6 जुलाई को जाधव बीड़, वडवणी, माजलगांव और धारुर में पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। 7 जुलाई को उनका कार्यक्रम परली और अंबाजोगाई में रहेगा, जबकि 8 जुलाई को केज में बैठक के साथ दौरे का समापन होगा।

इन बैठकों में शिवसेना के बीड़ जिला प्रमुख उल्लास गिराम, गणेश वरेकर, सभी तालुका प्रमुख, पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी, युवासेना, महिला आघाड़ी तथा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और अंगीकृत संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह दौरा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

अन्य समाचार