सामना संवाददाता / नैनीताल
पर्यटन नगरी नैनीताल में मानसखंड मंदिरमाला मिशन के तहत बनाया गया भव्य “मां नयना देवी मंदिर” का प्रवेश द्वार पार्किंग का अड्डा बन गया है। यहाँ मंदिर के प्रवेश द्वार पर हर समय अव्यवस्थित तरीके से खड़ी गाड़ियाँ गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती हैं।
मां नयना देवी मंदिर का गेट करीब 11 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसे स्थानीय पारंपरिक शैली में बनाया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है।
मंदिर गेट पर 24×7 खड़े रहने वाले वाहनों की वजह से लोगों को आवाजाही में भी दिक्कत होती है। ऐसा नहीं है कि वहाँ पुलिस का पहरा नहीं है। वहाँ पुलिस की एक शानदार चौकी भी बनी है। ऐसा लगता है कि वह केवल सीटी बजाने भर तक ही सीमित है। क्या उन्हें बगल की अवैध पार्किंग नज़र नहीं आती?
