बैंकॉक से लाया गया १.२३ करोड़ का सोना जब्त
केरल का युवक गिरफ्तार
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए सोने की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक २५ वर्षीय यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से १.२३ करोड़ रुपए मूल्य का सोना बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अब्दुल राहुफ ममंतकथ के रूप में हुई है, जो केरल के कोझिकोड का रहनेवाला है। वह गुरुवार को बैंकॉक से मुंबई पहुंचा था। सीमा शुल्क विभाग को इस संबंध में पहले से ही पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। जैसे ही आरोपी ने एयरपोर्ट पर ग्रीन चैनल पार करने की कोशिश की, एआईयू के अधिकारियों ने उसे रोक लिया।
कानूनी प्रक्रिया के तहत जब एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी ली गई तो उसके पास से पीले रंग की एक भारी धातु बरामद हुई। सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त मूल्यांकक से जांच कराने पर पुष्टि हुई कि वह १,००० ग्राम वजन की २४ वैâरेट सोने की छड़ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग १.२३ करोड़ रुपए है। यात्री ने इस सोने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की थी और वह बिना कस्टम ड्यूटी (लागू शुल्क) दिए इसे अवैध रूप से भारत में लाने का प्रयास कर रहा था। सीमा शुल्क अधिनियम के तहत सोने को पूरी तरह से जब्त कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है।
