मुख्यपृष्ठसमाचाररामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : अयोध्या प्रकरण पर शिवसेना...

रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : अयोध्या प्रकरण पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) का ‘राम रक्षा आंदोलन’

अनिल मिश्रा / उल्हासनगर

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चोरी और आर्थिक अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार पर रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने रविवार को उल्हासनगर-1 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में जोरदार ‘राम रक्षा आंदोलन’ आयोजित किया। आंदोलन में बड़ी संख्या में शिवसैनिकों, रामभक्तों और सकल हिंदू समाज के लोगों ने भाग लिया। मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा, जबकि प्रदर्शनकारियों ने कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

आंदोलन की शुरुआत भगवान श्रीराम के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और महाआरती में शामिल होकर श्रीराम और हनुमानजी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद सभा को संबोधित करते हुए शिवसेना के दिलीप मिश्रा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर से जुड़ी कथित चोरी और आर्थिक अनियमितताओं ने करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटना किसी अन्य धार्मिक स्थल पर होती तो भाजपा पूरे देश में आंदोलन खड़ा कर देती, लेकिन आज वही सरकार इस मामले पर मौन साधे हुए है।

दिलीप मिश्रा ने कहा कि भाजपा चुनाव के समय भगवान श्रीराम के नाम का राजनीतिक लाभ उठाती है, लेकिन जब रामभक्तों की आस्था पर प्रश्नचिह्न लगता है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से बचती नजर आती है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

शिवसेना नेता राजेंद्र शाहू ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समाज की आस्था के केंद्र हैं। श्रीराम के नाम पर किसी भी प्रकार की कथित चोरी, भ्रष्टाचार या अनियमितता को देश का हिंदू समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्वरूप दिया जाएगा।

हनुमानजी की महाआरती और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आंदोलन में राजेंद्र शाहू, दिलीप मिश्रा, शिवाजी जावले, प्रकाश चौधरी, कृष्णा पुजारी, राजन वेलकर, एड. महेश फुनदे, अवतार सिंह, शिवाजी हावले, मधुकर देशमुख, विभाग प्रमुख आदिनाथ पालवे सहित शिवसैनिकों और विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अन्य समाचार