राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर जोन में घूरपुर के इरादतगंज से एक बेहद चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है। यहाँ एक 38 वर्षीय ट्रक मालिक अरविंद तिवारी ने रविवार रात करीब डेढ़ बजे 1:30 बजे फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। आत्महत्या करने से ठीक पहले अरविंद ने एक भावुक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया और उसे अपने रिश्तेदारों के मोबाइल पर फॉरवर्ड कर दिया।
49 सेकंड के वीडियो में छलका दर्द
अरविंद द्वारा भेजा गया यह वीडियो मात्र 49 सेकंड का है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी, ससुर और साले को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर लगातार लड़ने-झगड़ने और मानसिक रूप से परेशान करने का सीधा आरोप लगाया है।
– “मेरे मरने के बाद पत्नी को कुछ न मिले…”
वीडियो में अरविंद ने कहा “मेरे मर जाने के बाद मेरी बीवी को कुछ न मिले, यही चाहता हूं। उसके बाप-भाई, सब मुझसे लड़ते हैं। अपनी लड़की को नहीं समझाते। मुझ में कमी देखते हैं। मैं सब कुछ करता हूं। सब कुछ देता हूं। फिर भी कहते हैं- करते क्या हो। मैं बर्दाश्त करता हूं। मेरे अंदर बर्दाश्त करने की क्षमता बहुत कम है। इसलिए अब जीने की उम्मीद नहीं है। मैं मरना चाहता हूं।”
– मां ने सबसे पहले देखा बेटे का शव
अरविंद ने रात में ही इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके बाद उसने घर के बगल में बने एक मकान की छत से बाहर निकले सरिए पर फंदा लगाया और अपनी जान दे दी। रात करीब 2 बजे जब अरविंद की मां बाहर आईं, तो उन्होंने अपने बेटे का शव फंदे से लटकते हुए देखा। बेटे को इस हालत में देख उनकी चीख निकल गई।
– इलाके में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
मां के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों द्वारा पुलिस को इस घटना और वीडियो के बारे में सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
– पारिवारिक पृष्ठभूमि और व्यवसाय
अरविंद के पिता दयाशंकर तिवारी की मौत पहले ही हो चुकी है। उनके पिता ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे, जिनकी मृत्यु के बाद अरविंद ने इस काम को आगे बढ़ाया। मेहनत और अच्छा काम चलने के बाद अरविंद ने खुद के 2 ट्रक खरीद लिए थे, जिनमें से एक ट्रक वह खुद चलाते थे। अरविंद घर में अपनी 68 वर्षीय मां श्यामा देवी, 3 भाइयों, पत्नी रिचा और दो बच्चों के साथ रहते थे।
– 4 साल पहले हुई थी शादी, रविवार रात हुआ था विवाद
अरविंद की शादी 4 साल पहले रिचा (34) से हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 2 साल की बड़ी बेटी और मात्र 5 महीने का एक मासूम बेटा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रविवार रात करीब 12 बजे अरविंद का अपनी पत्नी रिचा से किसी बात को लेकर गंभीर झगड़ा हुआ था। अरविंद की मां श्यामा देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बहू रिचा आए दिन अरविंद से झगड़ती थी। अरविंद अपने तीन भाइयों की आर्थिक मदद करते थे। उनके तीनों भाई दूसरों के ट्रक चलाते हैं, और अरविंद उन्हें अपना ट्रक देना चाहते थे, लेकिन यह बात रिचा को पसंद नहीं थी। इस बात को लेकर रिचा के पिता और भाई भी अरविंद को परेशान करते थे, जिसके चलते अरविंद पिछले बहुत परेशान थे।अरविंद की पत्नी रिचा ने खुद पर और अपने परिवार पर लगे सभी आरोपों से पूरी तरह इनकार किया है। रिचा का कहना है कि परेशान करने वाली बात बिल्कुल गलत है, घर में बस मामूली कहासुनी होती थी।
