मुख्यपृष्ठनए समाचारसैन्य सम्मान के साथ हुआ अग्निवीर का अंतिम संस्कार

सैन्य सम्मान के साथ हुआ अग्निवीर का अंतिम संस्कार

 सामना संवाददाता / झुंझुनू

राजस्थान में झुंझुनू जिले के पीपल का बास गांव के अग्निवीर आर्यन झाझड़िया (22) का बुधवार को उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चेन्नई (तमिलनाडु) स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर 5 जुलाई को ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में उनका निधन हो गया था। बुधवार सुबह 10:30 बजे उनकी पार्थिव देह दिल्ली से सड़क मार्ग से मंडावा लाई गई। जहां अंबेडकर पार्क में अंतिम दर्शन के लिए रखी गई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आस-पास के क्षेत्रों के लोग पहुंचे, जिसके बाद पैतृक गांव तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। इकलौते बेटे के अंतिम दर्शन कर मां सरोज देवी बेसुध हो गईं, जबकि बड़ी बहन पूनम का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों के अनुसार आर्यन चेन्नई (तमिलनाडु) स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान स्विमिंग पूल में नहाते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। आर्यन करीब ढाई साल से अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे थे। उनकी पहली पोस्टिंग वर्ष 2024 में कर्नाटक के बेलगाम में हुई थी। करीब दो महीने पहले ही उनका ट्रांसफर चेन्नई हुआ था। करीब दो महीने पहले ही वे छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव पीपल का बास आए थे और परिवार के साथ समय बिताने के बाद वापस चेन्नई लौट गए थे। परिजनों ने बताया कि आर्यन 22 साल के थे और अविवाहित थे। वे परिवार के इकलौते बेटे थे। परिवार में पिता भागीरथ सिंह, मां सरोज देवी और दो बहनें हैं, जिनमें बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उनके पिता ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं। आर्यन के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वायुसेना के अधिकारियों ने पिता भागीरथ को तिरंगा सौंपा और नम आंखों के बीच सैन्य सलामी के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी। अग्निवीर आर्यन झाझड़िया अंतिम संस्कार में विधायक रीटा चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, प्यारेलाल ढूकिया, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष सज्जन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अन्य समाचार