मुख्यपृष्ठस्तंभअमेरिकी सैनिकों की मौत से भड़के ट्रंप...ईरान को धमकी

अमेरिकी सैनिकों की मौत से भड़के ट्रंप…ईरान को धमकी

 -हर जान की कई गुना कीमत चुकानी होगी!

-रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख को कड़े जवाब के निर्देश; लगातार दसवीं रात ईरान पर अमेरिकी हमले

वॉशिंगटन: ईरान के हमलों में अमेरिकी सैनिकों की मौत से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बेहद गुस्से में हैं। उन्होंने तेहरान को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि अब प्रत्येक अमेरिकी सैनिक की मौत का बदला कई गुना अधिक कीमत वसूलकर लिया जाएगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान जब भी किसी अमेरिकी सैनिक की जान लेगा, उसे इसके लिए ‘कई गुना’ भुगतान करना होगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैनियल केन को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। ट्रंप का बयान जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले के बाद सामने आया। हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई और एक सैनिक लापता बताया गया। इसके अलावा उत्तरी इराक में मार गिराए गए ईरानी ड्रोन के विस्फोटक को निष्क्रिय करते समय एक अमेरिकी सैनिक की जान चली गई।
१०० अमेरिकी सैनिक घायल
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, जुलाई में दोबारा तेज हुई लड़ाई के दौरान ईरानी हमलों में करीब १०० अमेरिकी सैनिक अलग-अलग स्तर पर घायल हुए हैं। हालांकि, इनमें से अधिकांश उपचार के बाद ड्यूटी पर लौट चुके हैं।
जवाबी कार्रवाई तेज
अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई तेज करते हुए ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों, वायु रक्षा प्रणालियों तथा सैन्य प्रतिष्ठानों पर लगातार दसवीं रात हवाई हमले किए। अमेरिकी केंद्रीय कमान का दावा है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा करना है।
तेल आपूर्ति संकट का खतरा
ट्रंप की चेतावनी से साफ है कि सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका फिलहाल पीछे हटने के बजाय सैन्य कार्रवाई और तेज करने की तैयारी में है। इससे पश्चिम एशिया में व्यापक युद्ध और तेल आपूर्ति संकट का खतरा और गहरा गया है।

अन्य समाचार