रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
ग्राहक अधिकारों के क्षेत्र में काम करना एक सामाजिक जिम्मेदारी है। ग्राहकों की समस्याओं को समझना, उनके लिए न्यायसंगत आवाज उठाना तथा उनमें जागरूकता पैदा करना हम सभी कार्यकर्ताओं का परम कर्तव्य है। यह बात राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) ग्राहक संरक्षण कक्ष के मुंबई अध्यक्ष श्री परेश बैंदूर ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी की ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता होता है। उस कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र की सभी जानकारियां होती हैं, जहां वह रहता है। जो नेता अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करता है, उनके कार्यों की सराहना करता है तथा व्यक्तिगत श्रेय से अधिक संगठन को प्राथमिकता देता है, वही लोकप्रिय होता है।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी से निभाई गई जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच तथा मिलनसार स्वभाव के कारण व्यक्ति गली-मुहल्ले और समाज में एक अच्छे व्यक्तित्व के रूप में उभरता है। इसलिए जरूरी है कि अपने साथियों के विचारों को सुनें, उन्हें सम्मान दें तथा अपनी जिम्मेदारियों को स्वीकार करें।
उन्होंने कहा कि जब आप इन सभी बातों पर ध्यान देंगे, तभी समाज, संगठन और आप सभी मजबूत होंगे तथा जनता के कार्य भी आसानी से हल हो सकेंगे।
